IND vs BAN 1st Test Day4 : सरफराज का शतक, ऋषभ पंत चूके फिर भी भारत पर हार का संकट

Last Updated 20 Oct 2024 06:41:04 AM IST

सरफराज खान (150) और ऋषभ पंत (99) की चौथे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी के दौरान भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के चौथे दिन शनिवार को मैच पर शिंकजा कसना शुरू किया था लेकिन तेज गेंदबाजों ने नयी गेंद से 54 रन के अंदर सात विकेट झटककर न्यूजीलैंड की शानदार वापसी करायी।


बेंगलुरु : शतक पूरा करने के बाद जश्न मनाते सरफराज खान एवं शॉट खेलते ऋषभ पंत

भारत की दूसरी पारी 462 रन पर सिमटी जिससे न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रन का लक्ष्य मिला।

सरफराज ने अपनी 195 गेंद की पारी में 18 चौके और तीन छक्के लगाये जबकि पंत ने 105 गेंद की पारी में नौ चौके और पांच छक्के जड़े।

न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया ही था कि पहले ओवर के दौरान खराब रोशनी के कारण अंपायरों ने मैच को रोक दिया। इसके बाद तेज बारिश होने लगी और दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया गया। टीम अब तक चार गेंद की अपनी दूसरी पारी में खाता नहीं खोल सकी।

क्रीज पर उसके दोनों सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम और डेवोन कोन्वे मौजूद हैं। खराब रोशनी के कारण मैच रोकने के अंपायरों के फैसले से भारतीय कप्तान रोहित शर्मा खफा भी दिखे। उन्हें मैदानी अंपायरों से थोडे सख्त लहजे में बात करते भी देखा गया।

बारिश से प्रभावित दिन के खेल के दौरान भारतीय पारी के 80वें ओवर के बाद कप्तान लाथम ने नयी गेंद लेने का फैसला किया और उनके तेज गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित किया।

अनुभवी टिम साउथी (53 रन पर एक विकेट) ने सरफराज को आउट कर पंत के साथ उनकी शानदार साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नये गेंदबाज विलियम ओ’राउरकी (92 रन पर तीन विकेट) ने सात गेंद के अंदर पंत और लोकेश राहुल (12) को आउट कर भारत पर फिर से दबाव बना दिया।

गेंद पंत के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों से टकरा गयी जबकि राहुल विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल द्वारा लपके गये। टेस्ट में यह सातवीं बार है जब पंत 90 के बाद आउट होकर शतक पूरा करने से चूक गये।

ओ’राउरकी ने दिन के आखिरी सत्र में रविंद्र जडेजा (पांच) को चलता किया जबकि मैट हेनरी (102 रन पर तीन विकेट) ने पुछल्ले बल्लेबाजों का शिकार कर भारतीय पारी को खत्म किया।
इससे पहले सरफराज ने दिन की शुरुआत 70 रन से की।

स्कोर बोर्ड

भारत (पहली पारी) :     46
न्यूजीलैंड (पहली पारी) :     402

भारत (दूसरी पारी) :
यशस्वी जायसवाल स्टं. ब्लंडल बो पटेल     35
रोहित शर्मा बो पटेल     52
विराट कोहली का ब्लंडल बो फिलिप्स     70
सरफराज खान का पटेल बो साउथी     150    
ऋषभ पंत बो ओ’राउरकी     99
लोकेश राहुल का ब्लंडेल बो ओ’राउरकी     12
रविंद्र जडेजा का यंग बो ओ’राउरकी     05
रविचंद्रन अश्विन पगबाधा हेनरी     15
कुलदीप यादव नाबाद     06
जसप्रीत बुमराह का ब्लंडेल बो हेनरी     00
मोहम्मद सिराज का साउथी बो हेनरी     00
अतिरिक्त :     04
योग : (99.3 ओवर में भी आउट)     462
विकेट पतन : 1/72, 2/95, 3/231, 4/408, 5/431, 6/438, 7/441, 8/458, 9/462, 10/462
गेंदबाजी : टिम साउथी 15-2-53-1, हेनरी 24.3-3-102-3, ओ’राउरकी 21-4-92-3, पटेल 18-3-100-2, फिलिप्स 15-2-69-1, रविंद्र 6-0-30-0
न्यूजीलैंड (दूसरी पारी) :
टॉम लाथम नाबाद     00
डेवोन कोनवे नाबाद     00
अतिरिक्त :     00
कुल : (0.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के) 00
गेंदबाजी : बुमराह 0.4-0-0-0

भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment