IND W vs SA W Test match: शेफाली वर्मा का सबसे तेज रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक, स्मृति मंधाना ने जड़ा शतक

Last Updated 29 Jun 2024 07:06:51 AM IST

युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के रिकॉर्डतोड़ दोहरे शतक से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र महिला क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को रिकार्डों की झड़ी लगा दी, जिसमें एक दिन का सर्वोच्च स्कोर शामिल है।


बेंगलुरू : दोहरा शतक जमाने पर भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा।

शेफाली ने सिर्फ 194 गेंद में 205 रन बनाये और स्मृति मंधाना (149) के साथ 292 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पहले दिन चार विकेट पर 525 रन बनाए। शेफाली ने आस्ट्रेलिया की अन्नाबेल सदरलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा जिसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फरवरी में 248 गेंद में दोहरा शतक जड़ा था।

बीस बरस की शेफाली पूर्व कप्तान मिताली राज के बाद टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाली दूसरी भारतीय बल्लेबाज बन गई। मिताली ने अगस्त 2002 में टांटन में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 407 गेंद में 214 रन बनाए थे। भारत ने एक दिन में सर्वाधिक रन बनाने का 89 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा।

इंग्लैंड की महिला टीम ने 1935 में क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो विकेट पर 431 रन बनाए थे। शेफाली दोहरा शतक जमाने के तुरंत बाद आउट हो गई। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन था। अपना पांचवां टेस्ट खेल रही शेफाली ने 23 चौके और आठ छक्के लगाए।

पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली और मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के अनुभवहीन गेंदबाजों को खासी नसीहत दी। दोनों लंच तक स्कोर बिना किसी नुकसान के 130 रन तक ले गए। दोनों का शतक लगभग एक ही समय पर पूरा हुआ। मंधाना को डेल्मी टकर ने स्लिप में लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना का भी टेस्ट क्रिकेट में यह सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 127 रन था। टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए यह भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। महिला टेस्ट में किसी भी विकेट के लिए यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

विश्व रिकॉर्ड आस्ट्रेलिया की एलए रीलर और डीए एनेट्स के नाम है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वेदरबी में 1987 में तीसरे विकेट के लिए 309 रन जोड़े थे। मंधाना की जगह आई सतीश शुभा 27 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गई। जेमिमा रौड्रिग्स (55) ने हालांकि शेफाली का बखूबी साथ दिया। तेजी से रन चुराने के प्रयास में आपस में तालमेल नहीं बैठ पाने से शेफाली रन आउट हो गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर 42 और रिचा घोष 43 रन बनाकर क्रीज पर है। भारत महिला टेस्ट मैच में एक दिन में 500 से अधिक रन बनाने वाली पहली टीम बन गई।

भारत (पहली पारी) -

शेफाली वर्मा रन आउट     205
स्मृति मंधाना का. डर्कसेन बो. टकर     149
सतीश शुभा का. जाफ्टा बो. डिक्लेर्क      15
जेमिमा रौड्रिग्स का. डिक्लेर्क बो. टकर      55
हरमनप्रीत कौर (खेल रही हैं)    42
ऋचा घोष  (खेल रही हैं)    43
अतिरिक्त -     16
कुल - (98 ओवर में चार विकेट पर)    525
विकेटपतन - 1/292, 2/325, 3/411, 4/450
गेंदबाजी - क्लास 14-2-63-0, डेर्कसन 11-0-60-0, डिक्लेर्क 10-1-62-1, सेखुखुने    10-0-55-0, एमलाबा 24-1-113-0, टकर 26-1-141-2, लुस 3-0-15-0

भाषा
चेन्नई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment