वृक्षारोपण का महाअभियान: CM योगी ने अकबरनगर में पौधारोपण अभियान का किया शुभारंभ, लोगों से की अपील- पेड़ लगाएं-पर्यावरण बचाएं

Last Updated 20 Jul 2024 11:17:39 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर यूपी में आज यानी 20 जुलाई को ‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' महापर्व के रूप में मनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अयोध्या रोड पर कुकरैल नदी तट पर स्थित सौमित्र वन में पौधारोपण कर पौधारोपण जन अभियान-2024 का शुभारंभ किया। यह अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अयोध्या रोड पर कुकरैल नदी तट पर स्थित सौमित्र वन में पौधारोपण कर पौधारोपण जन अभियान-2024 का शुभारंभ किया। यह अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा।  

योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी की कुल आबादी 25 करोड़ है, हम 36.50 करोड़ पौधारोपण कर रिकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं। ऐसे में राज्य में आज एक दिन के भीतर हर मातृशक्ति के नाम पर तीन पेड़ लगाने जा रहे हैं। सुबह से अब तक लगभग 18 करोड़ पौधे रोपे जा चुके हैं। हमें पौधों को लगाना, बचाना और इसके जरिए पर्यावरण को संरक्षित करना है।  

उन्होंने कहा कि मां के नाम पेड़ लगाया तो बचाने की जिम्मेदारी भी हमारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में एक दिन (20 जुलाई) में 36.50 करोड़ पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया।

सीएम योगी ने पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' को समर्पित 'पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' के तहत पौधा लगाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर देशवासियों से 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान किया था। पर्यावरणविद् चिंतित हैं कि दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग सृष्टि के लिए नया संकट खड़ा करने जा रहा है। यह संकट मनुष्य के स्वार्थ से पैदा हुआ है, इसलिए इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी भी मनुष्य पर ही होनी चाहिए। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के संवैधानिक मुखिया के रूप में पीएम मोदी का यह आह्वान हर भारतवासी के लिए मंत्र बनना चाहिए। पांच जून के बाद से प्रदेश में लगातार पौधरोपण महाअभियान के साथ 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का यह गौरव लगभग हर परिवार को प्राप्त होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी लोगों को इस अभियान का हिस्सा बनकर अपनी मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। इस अभियान से सबको जुड़ना होगा। सभी लोग पेड़ लगाएं। आने वाले दिनों में यहां एक नाइट सफारी बनेगी। कुकरैल क्षेत्र को डेवलप किया जायेगा। यहां पर बसे 2100 लोगों को आवास भी दिलाने का काम किया गया। लक्ष्मण नगरी में सौमित्र वन लगाया जा रहा है। इस अभियान में सरकार के सभी विभाग लगे हैं। सभी जनप्रतिनिधि भी जुटे हुए हैं। राज्य के सभी जिलों में अभियान चल रहा है। राज्य सरकार जगह जगह वाटिका विकसित होगी।

योगी ने कहा कि पेड़ लगाने के साथ उसे बचाना भी है। राज्य में पुराने वृक्षों को बचाने का काम हो रहा है। लखनऊ के आसपास के क्षेत्र को स्टेट कैपिटल के रूप में विकसित किया जायगा। इसके भौतिक प्रयास के साथ प्रकृति का भी ख्याल हमें रखना होगा। इसका लोग लंबे समय तक लाभ ले सकेंगे।

योगी ने कहा कि यूपी के हर परिवार को पेड़ लगाने का गौरव मिलने जा रहा है। वनमंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने भी एक पेड़ लगाने की अपील की है। उन्होंने अकबर नगर की जमीन को पौधरोपण के लिए तैयार करने पर वन विभाग को बधाई दी है। उनका कहना है कि अकबर नगर सौमित्र वन के रूप में नई पहचान बनाएगा। सीएम योगी के निर्देश पर सभी प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि अपने-अपने जनपदों में इस जन अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस जन अभियान में आमजन के साथ-साथ आधे दिन तक सभी सरकारी कार्यालय, विद्यालय व अन्य संस्थाओं से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।

अभियान के तहत सभी 18 मंडलों में पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लखनऊ मंडल में सर्वाधिक चार करोड़ एक लाख 73 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, कानपुर मंडल में 2.96 करोड़, चित्रकूट में 2.89 करोड़, झांसी में 2.82 करोड़, मिर्जापुर में 2.62 करोड़, अयोध्या में 2.39 करोड़, देवीपाटन में 2.14 करोड़, प्रयागराज में 2.07 करोड़, बरेली में 1.91 करोड़, वाराणसी में 1.76 करोड़, मुरादाबाद में 1.83 करोड़, आगरा में 1.68 करोड़, गोरखपुर में 1.65 करोड़, आजमगढ़ में 1.30 करोड़, अलीगढ़ में 1.22 करोड़, मेरठ मंडल में 1.16 करोड़, बस्ती में 1.11 करोड़ व सहारनपुर मंडल में 90.23 लाख पौधे लगेंगे।

पौधरोपण स्थलों की जियो टैगिंग भी होगी। पौधरोपण के लिए विभागवार लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment