यूपी को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने का पूरा हो रहा सपना : मौर्य

Last Updated 28 Mar 2021 06:01:13 PM IST

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहे केशव प्रसाद मौर्य के पास पीडब्ल्यूडी जैसा महत्वपूर्ण विभाग भी है। सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर सहारा समय के ग्रुप एडिटर रमेश अवस्थी ने श्री मौर्य से विभिन्न मुद्दों पर विशेष बातचीत की। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश-


उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

योगी सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे हो गए हैं। आपकी क्या उपलब्धियां रहीं?
सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे हुए हैं। इसमें एक साल कोरोना का रहा जिसमें हम तेज गति से काम नहीं कर पाए। यूपी में चार साल पहले जो हालात थे और जो अब हैं, इन दोनों के बीच में जो अंतर आया है वह साफ दिखाई देता है। अगर इसकी तुलना करें तो आप हमें 100 में से 100 नंबर देंगे। इसलिए मैं कह सकता हूं कि पिछले 15 साल पर योगी सरकार के चार साल भारी हैं।

आपके पास पीडब्ल्यूडी जैसा अहम विभाग है। भ्रष्टाचार के खिलाफ क्या कार्रवाई की है?
भ्रष्टाचार के खिलाफ और विकास का वादा करके ही हम चुनाव में जनादेश लेकर आए थे। पिछली सरकार में लोगों, अधिकारियों और ठेकेदारों की साठगांठ से काम हो रहा था। इस सिंडिकेट को खत्म करने के लिए पहले विभाग को समझा। फिर सारी चीजें डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने की कोशिश की और उसमें हम कामयाब भी हुए।

प्रदेश मे हर्बल सड़कें बनाई जा रही हैं। इनकी क्या खासियतें हैं?
मैं पर्यावरण प्रेमी हूं। मैं मानता हूं कि अगर जल है तो जीवन है। हर्बल मार्ग के किनारे औषधियुक्त पौधे लगाए जाते हैं। मेरा मानना है कि अगर वृक्ष नहीं होंगे, वन क्षेत्र नहीं होंगे तो प्रकृति का संतुलन नहीं होगा। हमारे विभाग में 300 से अधिक खंड हैं। हर खंड में पांच सड़कें हर्बल मार्ग के रूप में विकसित कर रहे हैं। सिंचाई विभाग से बात करके वाटर रिचार्जिग की व्यवस्था भी कर रहे हैं।

सरकार ने चुनाव में गड्ढा मुक्त सड़कों की बात की थी लेकिन ऐसा क्यों नहीं हो पाया?
निश्चित तौर कहीं पर गड्ढे होंगे। ऐसा नहीं है कि गड्ढे भरने के बाद दोबारा सड़कों पर गड्ढे नहीं होंगे। इसके कई कारण हैं। हमने सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का काम किया लेकिन वर्षा अधिक होने या ओवर लोड के कारण फिर से गड्ढे बन जाते हैं। हम उसे फिर से बनाने का काम करते हैं।

चार साल में विभाग ने कितने किमी. सड़कों का निर्माण किया?
चार साल में हमने 14 हजार सड़कों को सुधारने का काम किया है। प्रतिदिन 20 किमी. सड़कें ग्रामीण मार्ग से लेकर स्टेट हाईवे तक बनाने का काम कर रहे हैं। इसमें नवनिर्माण और सुधार दोनों का काम शामिल है। अगर और विभागों को शामिल कर लें जो सड़क निर्माण का काम करते हैं तो हम प्रतिदिन 30 किमी. सड़कें बना रहे हैं।

सरकार का अभी एक साल का कार्यकाल बाकी है। ऐसे कौन से ड्रीम प्रोजेक्ट रह गए हैं जिन्हें आप करना चाहते हैं ?
उत्तर प्रदेश में हमने 70 स्टेट हाईवे बनाने का काम किया। इसका मतलब है कि उनका चौड़ीकरण हो जाए सुदृढ़ीकरण हो जाए। सारे स्टेट हाईवे कंप्लीट करना चाहते हैं। सारी तहसीलों और ब्लाकों को दो लेन से जोड़ना चाहते हैं। सारे जिला और तहसीलों मुख्यालयों को चार लेन से जोड़ना चाहते हैं। ग्रामीण सड़कें जो अभी तीन मीटर चौड़ी होती थीं उन्हें पांच मीटर करना चाहते हैं। इससे ग्रामीण लोगों को रोजगार भी मिलेगा। ये हमारा प्राथमिक लक्ष्य है।

आपके पास राजकीय निर्माण निगम और सेतु निगम भी हैं। इन विभागों की क्या उपलब्धियां रहीं?
राजकीय निर्माण निगम एक निर्माण एजेंसी है जिसने अनेक बड़े-बड़े काम किए हैं। इस एजेंसी काफी काम नामिनेशन के आधार पर और कुछ टेंडर के आधार पर मिलता है। हम यूपी के बाहर भी टेंडर लेते हैं और काम करते हैं। इसी प्रकार सेतु निगम देशभर में काम कर रहा है। हमारा प्रयास है कि इन एजेंसियों को हम विदेशों में भी ले जा सकें।

किसान आंदोलन एक समस्या बनी हुई है। क्या कारण है जो यह खत्म नहीं हो पा रहा है?
किसान आंदोलन है ही नहीं। जो किसानों के पैदायशी विरोधी हैं, जिन्होंने किसानों के लिए जीवन भर में कुछ नहीं किया है वह किसान आंदोलन की आड़ में राजनीति कर रहे हैं। किसानों की समस्या के समाधान के लिए सरकार दरवाजे खोल कर बैठी है।

उत्तर प्रदेश में आप राजनीति कर ही रहे हैं। अब आपके दौरे प. बंगाल में लगा दिए गए हैं। वहां पार्टी की क्या स्थिति है?
इस बारे में मैं इतना ही कह सकता हूं कि प. बंगाल में बदलाव की बयार चल रही है। मोदी लहर चल रही है। पूरा बंगाल भाजपामय हो गया है। जयश्री राम की आवाज उन गांव-गलियारो से आ रही है जहां से राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान भी इतनी आवाजें नहीं आती थीं। इस बार वहां भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

यूपी में विधानसभा चुनाव के पूर्व पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। पंचायत चुनाव में भाजपा की क्या स्थिति रहेगी?
पंचायत चुनावों के लिए हमारी तैयारियां पूरी हैं। जिन चुनावों के लिए पार्टी अधिकृत प्रत्याशी लड़ाएगी उनमें भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है। जिला पंचायत के सदस्य पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। फिर क्षेत्र पंचायत के अध्यक्ष का चुनाव लड़वाया जाएगा। हमें पूरा विश्वास है कि जिला पंचायत के सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी को सर्वाधिक सफलता मिलेगी।

सरकार की चार साल की कौनसी विशेष उपलब्धियां हैं ?
राज्य सरकार ने हर विभाग में अच्छे से अच्छे काम किए हैं। आगे भी किए जाएंगे। आप जिधर नजर दौड़ाएंगे। ऐसा लगेगा कि जैसे चारों ओर कमल का फूल खिला हुआ हो, अलग प्रकार का आनन्द देने का काम करता है।

पिछले चार साल में डिप्टी सीएम के रूप में आपका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ काम करने का कैसा अनुभव रहा है ?
बहुत शानदार अनुभव रहा है। जिस प्रकार से मैं कहा करता हूं कि देश को जिस प्रकार के प्रधानमंत्री की आवश्यकता थी। ऐसे प्रधानमंत्री के रूप में हमें माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी मिले हैं। उसी प्रकार से उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार के मुख्यमंत्री की आवश्यकता थी, हमें आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी के रूप में वैसे ही परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले, गरीबों, मजदूरों और नौजवानों के लिए दिन-रात काम करने वाले मुख्यमंत्री मिले हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है।

यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने का जो सपना था, क्या वह पूरा हुआ?
यूपी को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने, गुंडागर्दी, माफियाराज और भ्रष्टाचार से मुक्त प्रदेश बनाने का और सुशासन एवं रामराज्य प्रदान करने का जो सपना था वह निश्चित तौर पर पूरा हो रहा है। सरकार का अभी एक साल बाकी है जिसमें प्रदेश को विकास के पथ पर और अधिक आगे ले जाएंगे।

रमेश अवस्थी
सहारा समय के ग्रुप एडिटर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment