दिल्ली में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म, केजरीवाल ने कहा- अपराधियों का खुला घूमना बर्दाश्त के बाहर

Last Updated 06 Aug 2020 06:11:32 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली में पांच साल की बच्ची 'गुड़िया' के साथ हुई निर्मम सामूहिक दुष्कर्म की घटना के सात साल बाद, एक 12 साल की लड़की के साथ इसी तरह की घटना घटी है, जो एम्स अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।


बुरी तरह से जख्मी बच्ची को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अस्पताल जाकर जख्मी बच्ची का हाल जाना और उसके परिजनों से मुलाकात की।

बच्ची के परिजनों को दिल्ली सरकार की तरफ से 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। दिल्ली के पश्चिमी विहार इलाके की रहने वाली बच्ची से मंगलवार शाम को दुष्कर्म का मामला सामने आया था।

गुरुवार शाम मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने थोड़ी देर पहले पुलिस कमिश्नर से बात की है। उन्होंने भी बताया कि पुलिस दोषियों को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रही है और पुलिस की जांच जारी है। उम्मीद करते हैं कि दोषी भी जल्द से जल्द पकड़े जाएंगे। सरकार दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाएगी। इसके लिए कोर्ट में अच्छे से अच्छे वकील को खड़ा करेगी, ताकि उनको सख्त सजा मिले।"

केजरीवाल ने कहा, "हैवानियत भरी इस वारदात की जानकारी ने आत्मा को अंदर तक झकझोर दिया है। ऐसे दरिंदे अपराधियों का खुला घूमना बर्दाश्त के बाहर है।"

बच्ची के साथ बहुत ही हैवानियत के साथ दुष्कर्म किया गया है। इसकी वजह से उसकी हालत बहुत ज्यादा गंभीर है। बच्ची को गंभीर चोटें आई है। बच्ची बेहोशी की हालत में है। एम्स में बच्ची का उपचार कर रहे डॉक्टर्स के मुताबिक मंगलवार को जब वह बच्ची अस्पताल आई थी, तब उसकी बहुत ज्यादा बुरी हालत थी। उसकी सर्जरी की गई है।

डॉक्टर बच्ची की जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी उसकी हालत नाजुक है। डॉक्टर ने बताया है कि अभी 24 से 48 घंटे तक और इंतजार करना पड़ेगा तभी पता लगेगा कि वह खतरे से बाहर आती है या नहीं।

बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार में मंगलवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति ने 12 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद कथित रूप से धारदार हथियार से बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपी फरार है।

डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को एम्स में पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा, "लड़की की स्थिति बहुत गंभीर है। उसके पेट पर गंभीर चोटों के अलावा पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं।"

नाबालिग को पहले संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की एक टीम ने उसकी चोटों को देखने के बाद एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पास्को) और आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है।

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया है। पश्चिम विहार के जिस इलाके में हमला हुआ, वहां के सीसीटीवी की जांच की जा रही है।

जब पीड़िता के साथ दुष्कर्म हुआ उस वक्त वह घर में अकेले थी, क्योंकि उसके माता पिता दिहाड़ी मजदूर हैं।

मालीवाल ने डीसीपी आउटर दिल्ली को भी तलब किया है और वह चाहती हैं कि इस मामले के घटनाक्रम के बारे में आयोग को सूचित करते रहें।

मुख्यमंत्री केजरीवाल और दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए सहायता राशि की भी घोषणा की।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार भी पीरागढ़ी में नन्ही निर्भया के परिवार से मिलने पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, "नन्ही निर्भया को इंसाफ दिलाने के लिए उपराज्यपाल निवास यानी राजभवन के यहां घेराव किया जाएगा। मैंने पीड़िता और उनके माता पिता से मुलाकात की और उनको हर सम्भव मदद का भरोसा जताया।"

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, "कांग्रेस तब तक ये लड़ाई लड़ती रहेगी जब तक इन्साफ नहीं मिलेगा। घटना के 3 दिन हो चुके हैं, अभी तक सरकार क्यों सोयी हुई थी। पहले ही सरकारी अस्पताल में रेफर की जा चुकी थी फिर भी केजरीवाल जी चुप रहे।"

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कहा गया, "कभी निर्भया पर राजनीति चमकाने वाले आज ऐसे जघन्य अपराधों पर ऐसे चुप हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। क्यों केजरीवाल जी,संवेदना के एक शब्द की भी उम्मीद नहीं करें। खैर,कांग्रेस ने निर्भया को भी न्याय दिलाया था, इस बच्ची को भी दिलाएंगे। तब भी राजनीति नहीं की थी, अब भी नहीं करेंगे।"

इस जघन्य अपराध ने 15 अप्रैल, 2013 की दुखद यादों को फिर से ताजा कर दिया है, जब दो लोगों ने पांच साल की लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसके प्राइवेट पार्ट को क्षत विक्षत कर दिया था और मृत समझ कर उसे कमरे में ही छोड़ कर फरार हो गए थे।
 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment