Hazaribagh Violence:हजारीबाग में मंगला जुलूस में पथराव, सदन में विपक्ष का हंगामा; BJP ने कहा- हिंदुओं के त्योहारों पर ही क्यों हो रहे हमले?

Last Updated 26 Mar 2025 01:19:40 PM IST

हजारीबाग में रामनवमी के मंगला जुलूस के दौरान हुए पथराव की घटना ने पूरे राज्य में आक्रोश पैदा कर दिया है। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।


हजारीबाग शहर में रामनवमी से पहले 25 मार्च की रात निकाले गए ‘मंगला जुलूस’ के दौरान पथराव की घटना को लेकर बुधवार को झारखंड विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। बजट सत्र के 19वें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के विधायक हजारीबाग की घटना को लेकर नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। वे पत्थरबाजों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले भी हजारीबाग के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस घटना के विरोध में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हजारीबाग की घटना को लेकर सदन में सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के त्योहारों पर ही दंगे क्यों होते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। राज्य में कानून-व्यवस्था पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।

मरांडी ने संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्व-त्योहार के दौरान ड्रोन कैमरों का उपयोग करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जुलूस वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था हो, ताकि उपद्रवियों की पहचान आसानी से हो सके। इसके बाद भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बजट सत्र अब अपने अंतिम चरण में है और केवल दो दिन की कार्यवाही बची है। उन्होंने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करने को कहा। संसदीय कार्यमंत्री और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भाजपा के आरोपों का जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि हजारीबाग की घटना सरकार के संज्ञान में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करवाने के लिए इस प्रकार की हिंसा को राजनीतिक रूप से भड़काया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

झारखंड विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत हिंदुओं के पर्व-त्योहार के दौरान हमले किए जा रहे हैं। ऐसी घटनाओं के पीछे सरकार की तुष्टिकरण की नीति है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब सार्वजनिक स्थलों पर गड़बड़ी रोकने के लिए इतनी तकनीक उपलब्ध है, तो सरकार को इसका उपयोग करना चाहिए। धार्मिक आयोजनों वाले स्थानों पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा लगा देना चाहिए। प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफी करानी चाहिए। कोई भी व्यक्ति अगर कहीं हुड़दंग करता है या पत्थर चलाता है, तो उनके ऊपर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

मरांडी ने हजारीबाग की घटना में पत्थरबाजों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में कोई तुष्टीकरण नहीं होना चाहिए। यह नहीं होना चाहिए कि कुछ हिंदुओं और कुछ मुसलमानों पर कार्रवाई हो। झारखंड में या कहीं भी मुहर्रम के जुलूस पर हिंदुओं ने हमला नहीं किया है। ईद की नमाज और शुक्रवार की नमाज पर हिंदू कभी हमला नहीं करते। हमला तब होता है जब हिंदुओं के पर्व-त्योहार, मूर्ति विसर्जन या कोई जुलूस होता है। इस तरह के हमलों को रोकना सरकार का काम है।

रांची के भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह ने कहा कि हजारीबाग की घटना के पीछे जिहादी हैं। हिंदुओं के पर्व-त्योहार पर हमले की घटनाएं लगातार हो रही हैं। राज्य सरकार की तुष्टिकरण की नीति इसकी बड़ी वजह है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तत्काल कड़े कदम उठाए जाने चाहिए। हजारीबाग के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मंगलवार रात शहर में जुलूस पर पत्थरबाजों के खिलाफ सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करे। इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

हजारीबाग में रामनवमी महोत्सव का आयोजन बड़े पैमाने पर होता है, जिसमें लाखों लोग हिस्सा लेते हैं। इसके पहले चैत्र महीने के प्रत्येक मंगलवार की शाम को विभिन्न अखाड़ों से ढोल-ताशे और महावीरी झंडों के साथ मंगला जुलूस निकाला जाता है।

हजारीबाग के एसपी अरविंद कुमार सिंह ने कहा है कि शहर में मंगला जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment