भाजपा रच रही संविधान बदलने की साजिश : प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी देश के संविधान को बदलने की साजिश रच रही है।
![]() कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा (File photo) |
प्रियंका ने कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बालोद जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘भाजपा के कई नेता जगह-जगह भाषण दे रहे हैं कि हमें चार सौ सीट दो हम संविधान बदल देंगे। यह क्यों कह रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘एक तरफ यह छोटे नेता और उनके कई मंत्री जगह-जगह जाकर कह रहे हैं कि हम संविधान बदल देंगे वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी और उनके बड़े नेता कहते हैं कि हम संविधान को नहीं बदलेंगे। आपको क्या लगता है कि भाजपा के नेता बगैर मोदी जी की इजाजत इतनी बड़ी बात कह सकते हैं। यह पूरी साजिश है।’
प्रियंका ने कहा, ‘जिस संविधान ने आपको वोट करने का अधिकार दिया, आरक्षण दिया, जिसने आदिवासियों की संस्कृति को बचाकर रखा, दलितों को आगे बढ़ाने का काम किया, भाजपा इस संविधान को बदल कर आपके अधिकार को कमजोर करना चाहती है।’ उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर ‘दिखावे की राजनीति’ करने का भी आरोप लगाया।
प्रियंका ने कहा कि भाजपा के लोग मोदी जी को ताकतवर बताते हैं लेकिन उन्होंने अपनी ताकत का इस्तेमाल कभी भी लोगों की समस्याएं कम करने में नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘ कल मोदी जी धूमधाम से आएंगे बड़ी-बड़ी बातें की जाएंगी, आपके सामने बड़े-बड़े वादे करेंगे जैसे पहले किए थे। आदिवासी संस्कृति की बात ही होगी लेकिन उसको बचाने का काम नहीं होगा।’
उन्होंने कहा, ‘आपसे बेरोजगारी की बात नहीं करेंगे, महंगाई के बारे में बात नहीं करेंगे। आपको यही दिखाने की कोशिश होगी कि वह बहुत ताकतवर हैं। आप भरोसा करें सब कुछ ठीक हो जाएगा। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या पिछले 10 वर्षो में सब कुछ ठीक हो गया। यह दिखावे की राजनीति है।’
उन्होंने कहा, ‘आपने इंदिरा जी (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) को बहुत आदर दिया। आज जब मैं उनकी पोती आपके सामने आती हूं, आप मेरा सम्मान करते हैं क्योंकि उन्होंने दिखावे के लिए राजनीति नहीं की। आपके बीच आईं आपकी समस्याओं को उन्होंने समझा।’
प्रियंका ने कहा कि धर्म का मतलब सेवा व सत्य है और अगर नेता मंच पर खड़े होकर झूठे वादे करें तो वह धार्मिक नेता नहीं है और वह सत्य के पथ पर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘देश में पिछले 10 वर्षों में महंगाई हद से ज्यादा बढ़ चुकी है। वहीं बेरोजगारी 45 वर्षों में सबसे ज्यादा है। बच्चे कितने भी पढ लिख लें लेकिन उसे नौकरी मिले इसकी गारंटी नहीं है।
खेती के सामान पर जीएसटी लगाने के बाद आज खेती करना मुश्किल हो गया है।’ प्रियंका ने राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज इस देश में नैतिकता की राजनीति नहीं बल्कि नौटंकी की राजनीति चल रही है।’
उन्होंने कहा, ‘इस देश की पुरानी परंपरा है, हिंदू धर्म की परंपरा है, आदिवासियों की परंपरा है, इस देश की राजनीतिक परंपरा है, महात्मा गांधी जी की परंपरा रही है कि देश में नेता का धर्म सेवा होता है। इस देश में जनता सर्वोपरि होती है।’
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘इस देश में हर एक नेता जानता था कि वह जनता के सामने सच नहीं बोलेगा तब जनता सबक सिखाएगी, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। जिन्हें आपने सत्ता, सम्मान दिया, श्रद्धा दी उससे एक नेता बहुत अहंकारी हो गए हैं। बहुत बड़े हो गए हैं, अपने आप को आपसे ऊपर समझने लगे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘उनका (प्रधानमंत्री मोदी का) घमंड बढ़ गया है, उनके आसपास के लोग उनको सच्चाई नहीं बताते हैं।
| Tweet![]() |