Chhattisgarh Assembly Election 2023: कांग्रेस ने पंचायत से पार्लियामेंट तक दशकों किया राज, फिर भी नहीं दिया OBC को आरक्षण, बोले मोदी

Last Updated 14 Nov 2023 07:01:48 AM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद देश में कांग्रेस ने लंबे समय तक राज किया लेकिन उसने कभी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण नहीं दिया, इसलिए लोगों को उनकी मानसिकता समझनी होगी।




प्रधानमंत्री मोदी ने महासमुंद जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी स्थानीय वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों से अनुरोध नहीं किया।  प्रधानमंत्री मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली से आए कांग्रेस के कुछ महाज्ञानी नेता आजकल अपनी सभा में मेरी जाति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, वह कह रहे हैं कि मोदी तो ओबीसी है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले जो देश में चुनाव हुए उनमें ये लोग मोदी के बहाने पूरे ओबीसी समाज को चोर कह रहे थे। मोदी ने कहा कि राज्य के साहू समाज (छत्तीसगढ़ में बड़ी आबादी वाला एक प्रभावशाली ओबीसी समाज) के साथ उन्होंने (कांग्रेस) पांच वर्ष तक क्या किया, यह किसी से छिपा नहीं है।

कांग्रेस की मानसिकता को पहचानें

मोदी ने यह भी कहा कि वह चुनौती दे सकते हैं कि कांग्रेस के किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ने लोगों से स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘आपको कांग्रेस की मानसिकता को पहचानना होगा। यह वही कांग्रेस है जिसने पंचायत से संसद तक सरकारी चलाई, लोगों ने उन्हें सरकार चलाने का अवसर दिया, लेकिन ओबीसी समाज को आरक्षण नहीं दिया।

यह वही कांग्रेस है जिसने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। यह वही कांग्रेस है जिसने मेडिकल कॉलेज में ओबीसी आरक्षण लागू नहीं किया।’ उन्होंने इस दौरान कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र ने पिछले दस वर्षों में गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाए हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बाधित किया। महासमुंद जिले की कई विधानसभा सीट उन 70 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां 17 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा। 20 सीट के लिए पहले चरण का मतदान सात नवंबर को हुआ था।

कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य छत्तीसगढ़ को लूटना

दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को छत्तीसगढ़ आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के पक्ष में दो धुआंधार चुनावी रैलियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ही निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य छत्तीसगढ़ को लूटना और अपना खजाना भरना है।

मोदी ने कहा कि राज्य में भाजपा की जीत निश्चित है और विकास मोदी की गारंटी है। देव दीपावली छत्तीसगढ़ के लिए नया आनंद लेकर आएगी। जिस कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को लूटा है वह कांग्रेस देव दीपावली पर कहीं नजर नहीं आएगी। महादेव एप घोटाले को लेकर कहा कि इसमें राज्य के प्रमुख कांग्रेस नेताओं के करीबी भी हैं।

सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। राज्य में पीएससी चयन में भी घोटाला हुआ है। कांग्रेस में पुराने समर्पित लोग आज किनारे पर बैठे हैं, उनमें भी बहुत गुस्सा है। उनको लगता है कि बहुत बड़ा धोखा हुआ है। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनी तक मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई ढाई साल का समझौता हुआ था।

परन्तु पहले 2.5 साल में ही मुख्यमंत्री ने इतना भ्रष्टाचार किया कि पैसों का अंबार जमा कर लिया और जब 2.5 साल पूरा होने को आए तो दिल्ली वालों के लिए तिजोरी खोल दी, सबको खरीद लिया। दिल्ली के नेताओं को खरीद लिया और समझौता धरा का धरा रह गया।

भाषा
महासमुंद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment