गठबंधन के लिए भाजपा की अमरिंदर व ढींढसा से हो रही है बातचीत : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन को लेकर भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व नेता सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ बातचीत हो रही है।
![]() केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (File photo) |
मुख्यमंत्री की कुर्सी गवांने के बाद सिंह कांग्रेस से अलग हो गए थे और उन्होंने पिछले दिनों पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन किया था, जबकि ढींढसा ने शिरामणि अकाली दल से अलग होने के बाद शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) नाम से एक पार्टी बना ली थी।
एक कार्यक्रम में शाह ने कहा, ‘‘हम कैप्टन साहब (अमरिंदर सिंह) और ढींढसा साहब (सुखदेव सिंह ढींढसा) से बात कर रहे हैं। संभावना है कि हम उनके दलों से गठबंधन करें। हम सकारात्मक भाव से दोनों दलों से बातचीत कर रहे हैं।’’
पंजाब में भाजपा लंबे समय तक शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ती रही है। हालांकि, कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच वर्षो पुराना गठबंधन टूट गया था।
किसान आंदोलन का विधानसभा चुनाव में कोई असर नहीं होगा : एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के बाद एक संवाद में शाह ने इस संभावना को खारिज कर दिया कि किसान आंदोलन का पंजाब और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी प्रकार का कोई असर होगा।
उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने के बाद अब कोई मामला नहीं रह जाता। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने यह दावा भी किया कि अगले चुनाव में भाजपा शानदार प्रदर्शन करेगी और उत्तर प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी।
किसानों के आंदोलन के बारे में शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कानूनों को निरस्त कर बड़ा दिल दिखाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘किसानों का आंदोलन समाप्त हो इसके लिए प्रधानमंत्री ने बड़ा दिल दिखाया है..ठीक है भाई..अगर आपको लगता है कि यह कानून किसानों के हित में नहीं है..तीनों कानूनों को निरस्त कर दिया गया..अब मैं नहीं समझता कि पंजाब में कोई और मुद्दा बचा है।
चुनाव मेरिट के आधार पर लड़े जाएंगे।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बदला है, शाह ने कहा कि किसानों के आंदोलन का बहुत कम असर है।
| Tweet![]() |