रूपाणी के इस्तीफे से भाजपा की अंदरुनी लड़ाई और मोदी-शाह की विफलता सामने आई: कांग्रेस

Last Updated 11 Sep 2021 07:58:02 PM IST

कांग्रेस ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी के इस्तीफा देने के बाद शनिवार को दावा किया कि इस घटनाक्रम से विभिन्न राज्यों में भाजपा की अंदरुनी लड़ाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की विफलता सामने आई है।


रणदीप सुरजेवाला (फाइल फोटो)

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि अब गुजरात को ‘भाजपा से मुक्ति दिलाने’ का समय आ गया है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दो चीजें आज सामने आई हैं। पहली यह कि सभी भाजपा शासित राज्यों में अंदरुनी लड़ाई है, चाहे वह गुजरात हो, उत्तर प्रदेश हो, मध्य प्रदेश हो, असम हो या हरियाणा हो। दूसरी यह है कि भक्त मीडिया भाजपा में चल रही आपसी लड़ाई से बेखबर बना हुआ है क्योंकि उसका काम सिर्फ विपक्षी शासित राज्यों पर ध्यान केंद्रित रहना है।’’

सुरजेवाला ने दावा किया, ‘‘यह मोदी और अमित शाह की विफलता को दिखाता है। उनके द्वारा बनाये गए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पांच वर्ष के बाद गुजरात और उसके लोगों को निराश किया। इसकी जिम्मेदारी मोदी जी की भी है।’’

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘गांधी-पटेल की कर्मभूमि से कुटिल भाजपा एवं उसके नेतृत्व से मुक्त दिलाने का समय आ गया है।’’

कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने भाजपा पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, ‘‘त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, बी एस येदियुरप्पा के बाद अब, विजय रूपाणी भी भाजपा के मार्गदर्शक मंडल में शामिल होंगे।’’

गौरतलब है कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राज्य में विधानसभा चुनाव होने से लगभग सवा साल पहले शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य के मुख्यमंत्री के पद से रूपाणी ने किन कारणों से इस्तीफा दे दिया है, जहां 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव अगले साल दिसंबर में होने हैं।

रूपाणी (65) ने दिसंबर 2017 में दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment