पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सेहत में सुधार, पीएम मोदी ने फोन कर ली स्वास्थ्य की जानकारी

Last Updated 09 Jul 2021 10:32:52 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।


संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत पहले से बेहतर है।

प्रधानमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘देश भर के असंख्य लोग कल्याण सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कल जे पी नड्डा (भाजपा अध्यक्ष), योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) और अन्य नेताओं ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की। मैंने अभी उनके पोते से बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।’’      

 

संस्थान ने शुक्रवार सुबह एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी जिसमें कहा गया है कि सिंह आईसीयू की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती है और उनकी सेहत स्थिर बनी हुयी है। उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है और  उनके महत्वपूर्ण पैरामीटर स्थिर है। वह अब लोगों को पहचानने लगे है और बात करने की कोशिश कर रहे है। उनका इलाज कार्डियोलाजी, न्यूरोलाजी, इंडोक्रिनोजाली और नेफ्रोलाजी के विशेष चिकित्सकों की देखरेख में हो रहा है।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बुजुर्ग नेता को शरीर में सूजन की वजह से पहले डा राममनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था जहां उनकी हालत गंभीर होने पर एसजीपीजीआई ट्रांसफर किया गया।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरूवार देर शाम अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी हासिल की थी। इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी भाजपा के वरिष्ठ नेता को देखने यहां आ चुके है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की निरंतर जानकारी ले रहे है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह जानकर कि जे पी नड्डा जी से बातचीत के दौरान कल्याण सिंह जी ने मुझे याद किया, मैं भावुक हो गया। कल्याण सिंह जी के साथ हुई मुलाकातों से जुड़ी कई यादें हैं। वो लम्हें मुझे फिर याद आ गए। उनके साथ बात करना हमेशा सीखने का अनुभव हुआ करता है।’’


 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली/लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment