तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, ममता के समर्थन की ली शपथ

Last Updated 13 Mar 2021 12:47:31 PM IST

केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजप) सरकार में वित्त एवं विदेश मंत्री रहे यशवंत सिन्हा पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस में शनिवार को शामिल हो गए।


पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले सिन्हा के तृणमूल में शामिल होने को राजनीति क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस राज्य में इन दिनों विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों से चल रहा है। सिन्हा के पार्टी में शामिल होने के दौरान राज्य सभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन और राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी एवं सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय मौजूद थे।

सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकतंत्र की ताकत उसकी संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए यह सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है।’’

सिन्हा (83 वर्षीय) ने भाजपा के खिलाफ लड़ाई में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन करने की शपथ ली।

तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा में नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा,‘‘हम अपनी पार्टी में यशवंत सिन्हा का स्वागत करते हैं। उनकी हिस्सेदारी से चुनाव में भाजपा के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी।’’

सिन्हा ने वर्ष 1990 में चंद्रशेखर की सरकार में वित्तमंत्री की जिम्मेदारी निभाई थी और इसके बाद वाजपेयी मंत्रिमंडल भी उन्हें इस मंत्रालय का कार्यभार मिला।

उन्होंने वाजपेयी सरकार में विदेशमंत्री की भी जिम्मेदारी निभाई।

सिन्हा झारखंड के हजारीबाग से कई बार सांसद रह चुके हैं। अभी इस सीट से उनके पुत्र जयंत सिन्हा भाजपा के सांसद हैं।

वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से उनके गंभीर आलोचक रहे हैं। उन्होंने कुछ साल पहले भाजपा छोड़ दी थी और 2020 के विधानसभा चुनावों से पहले बिहार में एक राजनीतिक मोर्चा शुरू किया था।

वार्ता/भाषा
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment