दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप

Last Updated 13 Jan 2021 01:08:32 PM IST

पश्चिमी हिमालय से मैदानी इलाकों में आ रही ठंडी एवं शुष्क उत्तरी/उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।


आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी हिमालय से मैदानी इलाकों में आ रही ठंडी एवं शुष्क उत्तरी/उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन भी शहर में ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से हवाओं के मैदानी इलाकों की ओर आने कारण दिल्ली में बुधवार को शीत लहर का कहर जारी रहेगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में ‘‘घना’’ कोहरा छाने से दृश्यता 50 मीटर ही रह गई।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला ने शीत लहर की जानकारी दी। उसने न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

आईएमडी मैदानी इलाकों में तापमान के चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने पर ही शीत लहर की घोषणा कर देता है। न्यूनतम तामपान के दो डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किए जाने पर तीव्र शीत लहर की घोषणा की जाती है।

आईएमडी ने बताया कि ‘घना’ कोहरा छाने के कारण पालम में दृश्यता 50 मीटर और सफदरजंग में 200 मीटर दर्ज की गई।

आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’ , 51 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है।

बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से उत्तरी-पश्चिमी सर्द हवाओं के शनिवार से मैदानी इलाकों की ओर आने के साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है।

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को न्यूनूतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, सोमवार को सात डिग्री सेल्सियस और रविवार को 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 9.6 डिग्री सेल्सियस और बृहस्पतिवार को 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले चार साल में जनवरी का सबसे अधिक तापमान है।

पंजाब एवं हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बुधवार को भी जारी रहा और नारनौल दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के नारनौल में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। हिसार में भी तापमान दो डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। हिसार में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि अंबाला, करनाल और रोहतक में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.8, 6.5 आौर पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.8 और 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.5, 3.8 और 6.4 दर्ज किया है, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे है। पठानकोट, आदमपुर, हलवारा, भटिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.2, 3.4, 3.6, 3.2, 4 आौर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भिवानी, सिरसा और भठिंडा समेत कई स्थानों पर सुबह कोहरे की घनी चादर छाई रही।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment