कांग्रेस का आरोप - ट्रैक्टर यात्रा निकालने को मजबूर हैं किसान

Last Updated 07 Jan 2021 02:02:25 PM IST

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि वह दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों की परेशानी को नहीं समझते हैं और उनकी पीड़ा पर मौन साधे हुए हैं इसलिए निराश होकर आंदोलनकारी किसान ट्रैक्टर रैली निकालने को मजबूर हो रहे हैं।


कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को यहां पत्रकारों के सवालों पर कहा कि मोदी किसानों के साथ निर्मम और निर्दयी व्यवहार कर रहे हैं। वह उनकी पीड़ा को नहीं समझ पा रहे हैं, इसीलिए उनके बारे में कुछ भी विचार करने और बोलने को तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमा पर कड़कड़ाती ठंड में आंदोलन कर रहे किसान बहुत परेशान हैं। वे कड़ी ठंड में खुले में बैठे है।अब तक 60 आंदोलनकारी किसान दम तोड़ चुके हैं लेकिन सरकार उनके बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा कि मोदी को किसानों ही नहीं ,आम लोगों के साथ हो रहे अत्याचार की भी फिक्र नहीं है। उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना हुई और अब उसी तरह की दर्दनाक घटना बदायूं में हुई है लेकिन प्रधानमंत्री इन सभी प्रकरणों पर मौन साधे हुए हैं। यह सब के लिए चिंता की बात है।

राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 43 दिन से किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान गुरुवार को ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं। किसान संगठनो का कहना है कि ये मार्च 26 जनवरी को होने वाले ट्रैक्टर परेड की रिहर्सल है।

दरअसल सरकार द्वारा लाये गये तीन नये कृषि कानूनों की वापसी की मांग पर किसान अड़े हुए है। हर दिन किसान संगठनो द्वारा आंदोलन को तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रैक्टर मार्च भी एक नया कदम है। इससे पहले ये मार्च बुधवार को निकाला जाने वाला था।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment