उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड दो-तीन दिन में
देश की राजधानी में सोमवार इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। यहां का औसत न्यूनतम तापमान 8.4 और अधिकतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
![]() ठंड से बचाव के लिए पटपड़गंज में अलाव तापता एक परिवार। फोटो : सुभाष पॉल |
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में उत्तर भारत में रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पंजाब में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर पश्चिम राजस्थान में भी ठंड की स्थिति बनी रहेगी। तापमान गिरने से उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से में कोहरे का असर दिखने लगा है।
राजधानी दिल्ली में सप्ताह का पहला कामकाजी दिन सोमवार इस सीजन के सबसे सर्द दिन के तौर पर दर्ज किया गया। दिनभर सर्द हवाएं चलती रही। जिससे धूप खिलने के बावजूद आज दिनभर लोग ठिठुरते रहे। सोमवार को दिल्ली का सबसे सर्द इलाका लोधी रोड रहा जहां का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, वहीं दूसरी ओर पालम इलाके का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो इस सीजन के सबसे कम तापमान है।
सोमवार को औसत न्यूनतम तापमान 8.4 और अधिकतम तापमान 19.4 दर्ज किया गया। आज का न्यूनतम तापमान तो सामान्य रहा, लेकिन अधिकतम औसत तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को यहां के तापमान के 21और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना जतायी है।
सोमवार की सुबह ही ठिठुराने वाली सर्द हवाओं के साथ हुई। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आने से स्टोर किया पानी बर्फ जैसा ठंडा हो गया था। दिन चढ़ने के बाद भी ठंड में कोई कमी नहीं आयी। दिनभर शीतलहर जैसी ठंडी हवाएं चलती रही।
इससे आज दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में मंगलवार को सुबह के वक्त हल्का धुंध छाए रहने की संभावना जतायी है। दिन में आसमान साफ बना रहेगा और मंगलवार को भी बर्फीली हवाएं चलती रहेंगी।
| Tweet![]() |