आज का वक्त लड़ने का नहीं, यूक्रेन के साथ संघर्ष रोके रूस, राष्ट्रपति पुतिन से बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत में यूक्रेन में संघर्ष को जल्द समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि ‘आज का युग युद्ध का नहीं है।’
![]() समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वाषिर्क शिखर सम्मेलन के इतर एक द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करते हुए। |
प्रधानमंत्री ने वैश्विक खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा संकट के समाधान के लिए मार्ग तलाशने का भी आह्वान किया। फरवरी में यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की यह पहली मुलाकात थी।
समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वाषिर्क शिखर सम्मेलन के इतर एक द्विपक्षीय बैठक में मोदी ने यूक्रेन में अस्थिरता को जल्द से जल्द समाप्त करने का आह्वान करते हुए ‘लोकतंत्र, संवाद और कूटनीति’ के महत्व को रेखांकित किया। मोदी ने कहा, ‘‘आज दुनिया, खासकर विकासशील देशों के सामने सबसे बड़ी चिंता खाद्य सुरक्षा, ईधन सुरक्षा, उर्वरक की है। हमें इन समस्याओं के उपाय खोजने चाहिए और आपको भी इस पर विचार करना होगा। हमें इन मुद्दों पर बात करने का मौका मिलेगा।’’
पीएम मोदी ने कहा कि वह संघर्ष के शुरुआती चरण में यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों से भारतीय छात्रों को बचाने में मदद करने के लिए रूस और यूक्रेन के आभारी हैं। मोदी ने कहा कि भारत और रूस के बीच संबंध कई गुणा मजबूत हुए हैं और नई दिल्ली मास्को के साथ अपने संबंधों को महत्व देती है। मोदी ने कहा, ‘‘भारत और रूस के बीच संबंध कई गुणा बढ़ गए हैं। हम रिश्ते को महत्व देते हैं, क्योंकि हम ऐसे दोस्त हैं जो कई दशकों से साथ रहे हैं। दुनिया जानती है कि भारत और रूस के किस तरह के संबंध हैं। यह एक अटूट दोस्ती है।’’
यूक्रेन पर मोदी से पुतिन बोले, मैं आपकी चिंताओं को समझता हूं
पुतिन ने मोदी से कहा कि वह यूक्रेन संघर्ष पर भारत की चिंताओं से अवगत हैं और रूस इसे जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। पुतिन ने अपनी शुरुआती टिप्पणियों में कहा, ‘‘मैं यूक्रेन में संघर्ष पर आपकी स्थिति के बारे में जानता हूं। मैं आपकी चिंताओं के बारे में समझता हूं। मुझे पता है कि आप इन चिंताओं को साझा करते हैं और हम सभी जल्द से जल्द इन सभी का अंत चाहते हैं।’’ रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन ने वार्ता प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया है और वह ‘सैन्य रूप से युद्ध के मैदान पर अपने उद्देश्यों’ को प्राप्त करना चाहता है। पुतिन ने मोदी से कहा, ‘हम आपको वहां होने वाली हर चीज से अवगत कराएंगे।’ शुरुआती टिप्पणियों में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच लगातार अच्छे संबंध बने हुए हैं और दोनों पक्ष प्रमुख मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह महत्वपूर्ण है कि हम लगातार तालमेल बनाए रखें।’ पुतिन ने द्विपक्षीय व्यापार में बढ़ोतरी का भी संदर्भ दिया।
रूस आने को किया आमंत्रित जन्मदिन की दी बधाई
पुतिन ने पिछले साल दिसंबर में भारत यात्रा की ‘यादों’ के बारे में भी बात की और मोदी को रूस की यात्रा के लिए आमंत्रित किया। पुतिन ने मोदी को जन्मदिन की बधाई भी दी। मोदी का शनिवार को जन्म दिन है। पुतिन ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि कल मेरे प्यारे दोस्त, आप अपना जन्म दिन मनाने वाले हैं। रूसी परंपरा के तहत हम कभी भी अग्रिम बधाई नहीं देते हैं। इसलिए मैं अभी ऐसा नहीं कर सकता..हम मित्र राष्ट्र भारत को शुभकामनाएं देते हैं और हम आपके नेतृत्व में भारत की समृद्धि की कामना करते हैं।’’
| Tweet![]() |