69th Film Festival: अल्लू अर्जुन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, आलिया-कृति बेस्ट एक्ट्रेस, जानें इस साल कौन-कौन किस पुरस्कार से हुए सम्मानित

Last Updated 18 Oct 2023 10:05:18 AM IST

‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार’ की घोषणा के एक माह बाद मंगलवार (17 अक्टूबर, 2023) को दिल्ली में सभी विजेताओं का सम्मान किया गया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया।


देश के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स में से एक नेशनल फिल्म अवॉर्ड (National Film Award) की विनर्स लिस्ट में शामिल होना फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हर कलाकार का सपना होता है। इस साल कई सितारों का ये ख्वाब पूरा हुआ। 24 अगस्त 2023 को 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड के विनर लिस्ट की अनाउंसमेंट की गई, जिसमें कई बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारों के नाम शामिल हुए।

इस साल सम्मान पाने वालों में टॉलीवुड स्टार अल्लू अर्जुन का खास जिक्र हो रहा है, जिन्हें 'पुष्पा : द राइज' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। तेलुगु फिल्मों से ये पुरस्कार पाने वाले वो पहले अभिनेता हैं।

इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वहीदा रहमान को दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों और कलाकारों ने अभिनेत्री का खड़े होकर अभिनंदन किया।

बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को उनकी फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया, तो कृति सैनन को 'मिमी' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

पंकज त्रिपाठी को मिमी फिल्म में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान दिया गया। पल्लवी जोशी को ‘द कश्मीर फाइल्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

वहीदा रहमान को दादा साहेब फाल्के सम्मान

अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। हमेशा की तरह वह सुनहरे रंग की साड़ी में दिखाई दीं और हरे रंग का हार व मैचिंग झुमके पहने हुई थीं।

राष्ट्रपति ने वहीदा को बधाई दी और कहा कि उन्होंने अपनी कला और व्यक्तित्व से खुद को बॉलीवुड के शिखर पर स्थापित किया है।

राष्ट्रपति ने कहा : "पुरस्कार समारोह भारत की विविधता और इसमें निहित एकता की तस्वीर पेश करता है। समारोह में उपस्थित प्रतिभाशाली लोगों ने भाषाओं, क्षेत्रीय विशेषताओं, सामाजिक मान्यताओं, उपलब्धियों और समस्याओं को सार्थक अभिव्यक्ति दी है।"

राष्ट्रपति ने विश्‍वास जताया कि प्रतिभा से समृद्ध देश में सिनेमा से जुड़े लोग उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करते रहेंगे और विकसित भारत के निर्माण में फिल्में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीवनी पर आधारित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'सरदार उधम' (2021) को दिया गया। इसे फिल्म के निर्देशक सुजीत सरकार ने प्राप्त किया। फिल्म में विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं।

'सरदार उधम' को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी (अविक मुखोपाध्याय), सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन, सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइनर और सर्वश्रेष्ठ ऑडियोग्राफी का पुरस्कार भी मिला।

आलिया-कृति का रहा जलवा

आलिया को संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। उन्होंने समारोह में अपनी शादी की साड़ी पहनी थीं। इस खास मौके पर उन्होंने अपने लुक को चोकर नेक पीस, मैचिंग इयररिंग्स के साथ पूरा किया और अपने बालों को सफेद गुलाब के साथ एक बन में बांधा। उन्होंने लाल बिंदी और मिनिमल मेकअप के साथ लुक को पूरा किया। उनके साथ उनके पति और अभिनेता रणबीर कपूर भी थे, जो उनकी तस्वीरें लेने में व्यस्त थे।

कृति सैनन को 'मिमी' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। सुनहरे बॉर्डर वाली क्रीम और बहुरंगी साड़ी में अभिनेत्री बहुत खूबसूरत लग रही थीं।

टॉलीवुड स्टार अल्लू अर्जुन पहले साउथ एक्टर

टॉलीवुड स्टार अल्लू अर्जुन को 'पुष्पा : द राइज' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। वह पारंपरिक सफेद पोशाक पहने हुए थे। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार भी मिला है, जो देवी प्रसाद को दिया गया।

आर.माधवन के निर्देशन में बनी पहली फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।

एस.एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर 'आरआरआर' को 'सर्वोत्तम मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म' का पुरस्कार दिया गया। फ़िल्म ने 'सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन' का पुरस्कार भी जीता, जो एम.एम. केरावनी को मिला।

एपिक एक्शन ड्रामा फिल्म 'आरआरआर' को बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स, बेस्ट कोरियोग्राफी और बेस्ट एक्शन डायरेक्शन  (स्टंट कोरियोग्राफी) का अवॉर्ड भी मिला।

सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार प्रशंसित फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली को फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए दिया गया। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ पटकथा और सर्वश्रेष्ठ मेकअप कलाकार का पुरस्कार भी मिला।

श्रेया घोषाल को तमिल फिल्म 'इराविन निज़ल' के गाने 'मायावा चायवा' के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्‍व गायिका का पुरस्कार मिला। कालभैरव ने फिल्म 'आरआरआर' के तेलुगू संस्करण के गाने 'कोमुराम भीमुडो' के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्‍व गायक का पुरस्कार जीता।

राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार विवेक रंजन अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित 'द कश्मीर फाइल्स' को दिया गया। पल्लवी जोशी को 'द कश्मीर फाइल्स' में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला और 'मिमी' के लिए पंकज त्रिपाठी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला।

सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार भाविन रबारी को गुजराती फिल्म 'चेलो शो' में उनके अभिनय के लिए दिया गया।

स्पेशल जूरी पुरस्कार सिद्धार्थ मल्होत्रा अभिनीत फिल्म 'शेरशाह' को मिला। निदेशक विष्णु वर्धन ने यह सम्मान प्राप्त किया।
 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment