टी-सीरीज के प्रबंध निदेशक भूषण कुमार पर लगा रेप का आरोप, मामला दर्ज

Last Updated 16 Jul 2021 02:56:19 PM IST

म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज के प्रबंध निदेशक भूषण कुमार के खिलाफ मुंबई पुलिस ने नौकरी देने का झांसा देकर एक महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया।


भूषण कुमार पर लगा रेप का आरोप (फाइल फोटो)

भूषण कुमार, संगीत क्षेत्र के दिग्गज दिवंगत गुलशन कुमार के बेटे हैं।      

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 30 वर्षीय एक महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अंधेरी (पश्चिम) में डी एन नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया। शिकायतकर्ता महिला अभिनेत्री है।     

अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायत के अनुसार भूषण कुमार ने अपनी कंपनी में किसी प्रोजेक्ट पर काम देने का झांसा देकर महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म किया।’’   

पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला और कुमार के बीच बीते कुछ वर्षों से जान-पहचान थी। कुमार ने 2017 से 2020 के बीच महिला का कथित तौर पर कई बार यौन उत्पीड़न किया।   

अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला का कहना है कि कुमार ने उसके साथ धोखा किया इसलिए वह पुलिस के पास शिकायत लेकर आई।’’   

अधिकारी के अनुसार कुमार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 420 (धोखाधड़ी), 506 (आपराधिक धौंस) के तहत मामला दर्ज किया गया।      

टी-सीरीज संगीत क्षेत्र और फिल्म निर्माण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी है। इसकी स्थापना गुलशन कुमार ने की थी, जिन्हें ‘कैसेट किंग’ भी कहा जाता है। उनकी अंधेरी में गोली मारकर 1997 में हत्या कर दी गई थी। 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment