रघुराम राजन की भविष्यवाणी पर BJP का हमला, कहा- GDP के आंकड़े झूठ का कर रहे पर्दाफाश

Last Updated 01 Jun 2023 03:52:43 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी पर भारत की विकास यात्रा के खिलाफ ‘निराशावाद, घृणा और अविश्वास का बाजार फैलाने’ का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता पर निशाना साधने के लिए देश की 7.2 प्रतिशत की वार्षिक आर्थिक वृद्धि का हवाला दिया।


भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) के आंकड़ों ने आपके नफरत के बाजार के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है।’’

प्रसाद ने राहुल गांधी और रिजर्व बैंक के एक पूर्व गवर्नर के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी नेता ने दावा किया था कि भारत का निर्यात धीमा पड़ रहा है और देश भाग्यशाली होगा अगर उसकी वृद्धि दर पांच प्रतिशत रहेगी। प्रसाद का इशारा रघुराम राजन की ओर था।

उन्होंने गांधी को एक ‘असाधारण विशेषज्ञ’ बताते हुए दावा किया, ‘‘प्रायोजित विशेषज्ञ की हर भविष्यवाणी गलत साबित हुई है।’’

प्रसाद ने कहा कि भारत ने 770 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया है, जबकि इसकी मुद्रास्फीति दर 4.7 प्रतिशत है, जो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे कम है।

उन्होंने कहा, ‘‘वह विदेश का दौरा कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वह प्यार का संदेश लेकर आए हैं… वह वास्तव में भारत की विकास यात्रा के खिलाफ नफरत, अविश्वास और निराशावाद का बाजार फैला रहे हैं।’’

प्रसाद ने गांधी पर ‘भारत की विकास गाथा में विश्वास की कमी के खुले सार्वजनिक प्रदर्शन’ में शामिल होने का आरोप लगाया।

वित्त वर्ष 2022-23 के GDP के आकंड़े  सामने आने के साथ आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन (Raghuram Rajan) का एक पुराना वीडियो तेजी से सोशल मीडिया वायरल हो गया है। पिछले साल पूर्व गवर्नर रघुराम राजन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। तब पूर्व गवर्नर ने भारत के आर्थिक विकास को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा था कि अगर वित्त वर्ष 2022-23 में भारत 5 फीसदी आर्थिक विकास दर को भी हासिल कर लेता है तो बहुत ही भाग्यशाली कहलाएगा। पूर्व गवर्नर राजन का ये बयान अब फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अपनी इस भविष्यवाणी को लेकर रघुराम राजन बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक भारत दुनिया में तीव्र आर्थिक वृद्धि वाला देश बना हुआ है। कृषि, विनिर्माण, खनन और निर्माण क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन से देश की आर्थिक वृद्धि दर बीते वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में 6.1 प्रतिशत रही। इसके साथ, पूरे वित्त वर्ष के दौरान जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो अनुमान से अधिक है।


 

समय लाइव डेस्क/ आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment