दो राज्यों के परिदृश्य
चुनाव आयोग ने मंगलवार को झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की तारीखें घोषित कर दीं। दोनों राज्यों के परिणामों पर पूरे देश की नजर रहेगी कि आखिर, इनसे किस तरह के राजनीतिक महत्त्व का प्रकटीकरण होता है।
![]() दो राज्यों के परिदृश्य |
इस वर्ष लोक सभा चुनावों में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफलता मिली है, लेकिन इस आम चुनाव ने पार्टी की स्पष्ट जीत पर पानी फेर दिया। जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम तो उम्मीदों के अनुरूप ही सामने आए लेकिन हरियाणा के परिणाम चौंकाने वाले रहे। यहां भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनी। चुनाव प्रचार के दौरान हवा का रुख कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा था।
एक दशक के बाद यहां कांग्रेस के पक्ष में माहौल ने जोड़ पकड़ लिया था लेकिन जनादेश भाजपा के पक्ष में आया। झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर दो चरण में वोटिंग होगी। यहां एनडीए और इंडिया के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। एनडीए में भाजपा, जदयू और लोजपा और आजसू शामिल हैं तो दूसरी ओर इंडिया में झामुमो, कांग्रेस, राजद और माकपा-माले जैसे दल शामिल हैं। यहां इंडिया गठबंधन में कांग्रेस झामुमो की सहयोगी दल है।
झारखंड में चुनाव परिणाम दो बातों पर निर्भर करेगा। पहली, झामुमो और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा किस तरह होता है और दूसरी, भ्रष्टाचार के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और उसके बाद जमानत के घटनाक्रम को राज्य के मतदाता किस नजरिए से देखते हैं।
दोनों राजनीतिक गठबंधन आदिवासी मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करेंगे। महाराष्ट्र में 20 नवम्बर को वोटिंग होगी। यहां विधानसभा की 288 सीटें हैं, और सत्ता के लिए दो गठबंधनों के बीच सीधी टक्कर है। सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी जैसी पार्टियां हैं, और महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस के साथ उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी है।
लोक सभा चुनावों में महा विकास अघाड़ी का प्रदर्शन अच्छा था। उत्तर प्रदेश के बाद महाराष्ट्र दूसरा राज्य था जहां लोक सभा चुनाव में भाजपा को ज्यादा नुकसान हुआ। विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की राह आसान नहीं है। मराठा समुदाय को आरक्षण न देने का मुद्दा भाजपा के लिए भारी पड़ सकता है। झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम आने वाले दिनों में दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनावों को प्रभावित कर सकते हैं।
Tweet![]() |