Champions Trophy 2025: चैम्पियन रोहित ब्रिगेड ने जीती चैम्पियंस ट्राफी

Last Updated 10 Mar 2025 06:23:17 AM IST

कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले के कमाल और स्पिनरों के धमाल के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को रविवार को फाइनल में चार विकेट से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की।


 इस मैच से पहले रोहित के संन्यास की अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन उन्होंने अपने चिर परिचित फॉर्म में लौटकर आलोचकों के मुंह बंद कर दिये। उनकी कप्तानी में यह टी20 विश्व कप 2024 के बाद भारत ने दूसरा आईसीसी खिताब जीता।

 भारत ने टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाये बिना 2002 और 2013 के बाद तीसरी बार खिताब जीता। कोई दूसरी टीम तीन बार यह ट्रॉफी नहीं जीत पाई है।

स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने हालात का फायदा उठाते हुए बेहतरीन गेंदबाजी की लेकिन डेरिल मिचेल और माइकल ब्रेसवेल ने संयम के साथ अर्धशतक लगाते हुए न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 251 का मजबूत स्कोर दिया। रोहित ने 83 गेंद में 76 रन बनाकर जीत की नींव रखी और भारत ने एक ओवर बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। केएल राहुल ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए नाबाद 34 रन बनाये। चोटिल मैट हेनरी की जगह खेल रहे तेज गेंदबाज नैथन स्मिथ को रोहित ने दो छक्के और दो चौके जड़े।

दूसरे छोर पर शुभमन गिल ने 31 रन बनाये और पहले विकेट के लिये रोहित के साथ 105 रन जोड़े। वह ग्लेन फिलिप्स के दर्शनीय कैच पर पवेलियन लौटे जबकि गेंदबाज मिचेल सेंटनेर थे। विराट कोहली का दर्शकों ने तालियों के साथ स्वागत किया लेकिन वह दो ही गेंद टिक सके और माइकल ब्रेसवेल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। पावरप्ले के बाद अगले 16 ओवर में रोहित अपने स्कोर में 27 रन ही जोड़ सके। उन्होंने आक्रामक होकर खेलने की बजाय विकेट बचाकर स्पिनरों को खेला।

आखिर में रचिन रविंद्र की गेंद पर आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में वह चूके और लैथम ने स्ट¨म्पग करके उन्हें वापस भेजा। उस समय भारत जीत से 130 रन दूर था। इसके बाद श्रेयस अय्यर (48) और अक्षर पटेल (29) ने 61 रन की साझेदारी की।

इससे पहले न्यूजीलैंड के लिये डेरिल मिचेल ने 101 गेंद में 63 रन बनाये जबकि ब्रेसवेल ने 40 गेंद में 53 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसके स्टार बल्लेबाज टिककर खेल नहीं सके जिसके बाद इन दोनों ने पारी को संभाला। न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरूआत करते हुए दस ओवर में एक विकेट पर 69 रन बना लिये थे। छठे ही ओवर में गेंदबाजी के लिये आये वरुण ने विल यंग को पवेलियन भेजा।  कप्तान रोहित शर्मा ने कलाई के स्पिनर कुलदीप को 11वें ओवर में गेंद सौंपी जिससे मैच का नक्शा ही बदल गया।

 कुलदीप ने पहली ही गेंद पर रचिन रविंद्र को पवेलियन भेजा जब उनकी गुगली सीधे स्टम्प पर जा लगी। इसके साथ ही 57 रन की पहले विकेट की साझेदारी भी खत्म हो गई जिसमें रविंद्र ने हार्दिक पांड्या को लगातार छक्का और दो चौके लगाये थे। उन्हें 28 के स्कोर पर मोहम्मद शमी ने अपनी ही गेंद पर जीवनदान दिया था। अगले ओवर में कुलदीप ने केन विलियमसन का रिटर्न कैच लपककर न्यूजीलैंड को सबसे करारा झटका दिया।

न्यूजीलैंड ने 12 . 2 ओवर में 75 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे। भारत के चौतरफा स्पिन आक्रमण का कीवी टीम सामना नहीं कर सकी और अगली 81 गेंद में कोई चौका नहीं लगा।  ग्लेन फिलिप्स ने कुलदीप को छक्का लगाकर इस दबदबे को तोड़ा। कुलदीप और वरुण को पिच से काफी सहायता मिली। वहीं अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा ने रफ्तार के सहारे कीवी बल्लेबाजों को परेशान किया।

स्कोर बोर्ड

न्यूजीलैंड :
विल यंग पगबाधा बो वरुण      15
रचिन रविंद्र बो कुलदीप      37
केन विलियमसन का और बो कुलदीप     11
डेरिल मिचेल का शर्मा बो शमी      63
टॉम लैथम पगबाधा बो जडेजा     14
ग्लेन फिलिप्स बो वरुण      34
माइकल ब्रेसबेल नाबाद     53
मिचेल सेंटनेर रन आउट      08
नैथन स्मिथ नाबाद     00
अतिरिक्त :     16
योग : (50 ओवर में सात विकेट पर)     251
विकेट पतन : 1-57, 2-69, 3-75, 4-108, 5-165, 6-211, 7-239
गेंदबाजी : शमी 9-0-74-1, पांड्या 3-0-30-0,    वरुण चक्रवर्ती 10-0-45-2, कुलदीप 10-0-40-2, अक्षर 8-0-29-0, जडेजा 10-0-30-1

भारत :
रोहित शर्मा स्ट. लैथम बो रविंद्र     76
शुभमन गिल का फिलिप्स बो सेंटनेर     31
विराट कोहली पगबाधा बो ब्रेसवेल     01
श्रेयस अय्यर का रविंद्र बो सेंटनेर     48
अक्षर पटेल का ओराउकी बो ब्रेसवेल      29
केएल राहुल नाबाद     34
हार्दिक पांड्या का और बो जैमीसन     18
रविंद्र जडेजा नाबाद     09
अतिरिक्त :     08
योग : (49 ओवर में छह विकेट पर)     254
विकेट पतन : 1-105 , 2-106 , 3-122 , 4-183 , 5-203 , 6-241
गेंदबाजी : जैमीसन 5-0-24-1, राउरकी 7-0-56-0,  स्मिथ 2-0-22-0, सेंटनेर 10-0-46-2, रविंद्र 10-1-47-1, ब्रेसवेल 10-1-28-2, फिलिप्स 5-0-31-0

समयलाइव डेस्क
दुबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment