Champions Trophy 2025: अफगानिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचा आस्ट्रेलिया
Champions Trophy 2025: अफगानिस्तान के खिलाफ ग्रुप बी का अहम मुकाबला बारिश के कारण शुक्रवार को रद्द होने के बाद आस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
![]() |
मैच उस समय बारिश के कारण रोकना पड़ा जब 274 रन के लक्ष्य के जवाब में आस्ट्रेलिया ने 12.5 ओवर में एक विकेट पर 109 रन बना लिए थे। मैदानकर्मियों की तमाम कोशिशों के बावजूद पिच पर कई जगह पानी भर गया था जिसे देखकर अंपायरों ने मुआयने के बाद मैच को रद्द करने का फैसला किया।
मैच पूरा करने के कटआफ समय से एक घंटा पहले बारिश आ गई थी। आस्ट्रेलिया ने चार अंक लेकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रावलपिंडी में उसका पिछला मैच भी बारिश के कारण रद्द हो गया था।
बारिश के समय ट्रेविस हेड 40 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्हें छह के स्कोर पर फजलहक फारुकी की गेंद पर मिडआन में राशिद खान ने जीवनदान भी दिया जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। दूसरे छोर पर कप्तान स्टीव स्मिथ ने 22 गेंद में 19 रन बनाए थे।
अब अफगानिस्तान के अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें कम ही रह गई है। उसे दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा। अगर दक्षिण अफ्रीका जीतता है तो ग्रुप में शीर्ष पर रहेगा।
इंग्लैंड के जीतने पर दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के तीन-तीन अंक होंगे जिससे बात नेट रनरेट पर आ जाएगी। अफगानिस्तान का नेट रनरेट अभी माइनस 0.99 है और वह तभी बाहर होने से बच सकता है जब दक्षिण अफ्रीका 200 रन से अधिक के अंतर से हार जाए।
इससे पहले सेदिकुल्लाह अटल के 85 रन और अजमतुल्लाह उमरजइ के 67 रन की मदद से अफगानिस्तान ने 273 रन बनाए। अटल ने धीमी शुरुआत के बाद पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई जबकि उमरजइ ने आखिर में आक्रामक पारी खेलकर अफगानिस्तान को 270 रन के पार पहुंचाया जबकि एक समय उसके आठ विकेट 235 रन पर गिर गए थे।
अजमतुल्लाह उमरजइ ने 63 गेंद की अपनी पारी में पांच छक्के और एक चौका लगाया। उन्होंने 49वें ओवर में नाथन एलिस को दो छक्के जड़े जिसमें मिडविकेट के ऊपर 102 मीटर का छक्का शामिल है। इसके बाद लांग आफ पर छक्का लगाया।
अफगानिस्तान टीम को एक अच्छा स्कोर मिल गया। उमरजइ आखिरी ओवर में बेन ड्वारशुइस का शिकार हुए। जिन्होंने आखिरी गेंद पर नूर अहमद को भी आउट कर नौ ओवर में 47 रन देकर तीन विकेट लिए। विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया ने 37 रन अतिरिक्त भी दिए जिसमें 17 वाइड गेंद शामिल हैं।
पहले बल्लेबाजी करने वाली अफगानिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही और स्पेंसन जॉनसन ने रहमानुल्लाह गुरबाज को खाता खोले बिना पैवेलियन भेज दिया। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में 177 रन बनाने वाले इब्राहिम जदरान 28 गेंद में 22 रन बनाकर एडम जम्पा का शिकार हुए।
इसके बाद अटल ने पारी को संभाला और कुछ बेहतरीन कवर ड्राइव और फ्लिक लगाए। उन्हें कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के रूप में भरोसेमंद जोड़ीदार मिला और दोनों ने 68 रन की साझेदारी की। अटल ने मैक्सवेल को छक्का लगाकर वनडे में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।
इसके बाद जम्पा को दो छक्के और लगाए लेकिन अपने पहले शतक से 15 रन से चूक गए। वह जॉनसन की गेंद पर शॉर्ट कवर में स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे। इस समय अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 159 रन था। इसके बाद शाहिदी भी (49 गेंद में 20 रन) जल्दी आउट हो गए। राशिद खान के आउट होने के समय स्कोर आठ विकेट पर 235 रन था।
| Tweet![]() |