भारतीय महिलाओं का जीत से आगाज, प्रो लीग हॉकी में इंग्लैंड को 3-2 से हराया, मेजबान पुरुष टीम पराजित
आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में अपने अभियान का आगाज ऊंची रैंकिंग वाली इंग्लैंड टीम के खिलाफ शनिवार को कलिंगा स्टेडियम पर 3-2 से जीत के साथ किया।
![]() भारतीय महिलाओं का जीत से आगाज, प्रो लीग हॉकी में इंग्लैंड को 3-2 से हराया, मेजबान पुरुष टीम पराजित |
लेकिन भारत की पुरुष टीम को पहले ही मैच में स्पेन के खिलाफ 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। महिला वर्ग के एक अन्य मैच में स्पेन ने जर्मनी को 2-1 से शिकस्त दे दी।
भारत के दो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर वैष्णवी फाल्के ने छठे और दीपिका ने 25वें मिनट में किये जबकि नवनीत कौर ने आखिरी सीटी बजने से एक मिनट बाकी रहते विजयी गोल दागा।
इंग्लैंड के लिए डार्सी बून्रे ने 12वें मिनट में बराबरी का गोल किया जबकि फियोन क्रेकल्स ने 58वें मिनट में फिर बराबरी का गोल दागा। दीपिका ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपना 50वां मैच भी पूरा किया।
वैष्णवी ने एफआईएच रैंकिंग में नौवे स्थान पर काबिज भारत के लिए पहला गोल किया । मनीषा चौहान का पेनल्टी कॉर्नर पर शॉट डिफेंडर की स्टिक से टकरा गया और गेंद फिर बाहर आ गई जिसे वैष्णवी ने गोल के भीतर डाला।
सातवीं रैंकिंग वाली इंग्लैंड टीम पर भारत ने रफ्तार और शॉर्ट पास से दबाव बनाये रखा। नौवे मिनट में भारत बढत दुगुनी करने के करीब पहुंचा लेकिन लालरेम्सियामी स्टिक से गेंद को पकड़ नहीं पाई।
इस बीच डार्सी ने भारतीय डिफेंस की चूक का फायदा उठाकर बराबरी का गोल कर दिया । एक मिनट बाद गोलकीपर सविता पूनिया ने रिवर्स फ्लिक पर एक शर्तिया गोल बचाया।
ब्रेक में कोच हरेंद्र सिंह ने भारतीय खिलाड़ियों से बात की जिसके बाद भारतीय टीम लय में आ गई। दीपिका ने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को तब्दील करके भारत को फिर बढत दिलाई। आखिरी 15 मिनट में 2022 राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन इंग्लैंड ने बेहतरीन खेल दिखाया।
पुरुष वर्ग में भारत को पहले ही मुकाबले में स्पेन ने 3-1 से हरा दिया। भारत के लिए एकमात्र गोल सुखजीत सिंह ने 25वें मिनट में किया। जबकि स्पेन की तरफ से बोरजा लोकाले, इग्नेसिया कोबोस और ब्रूनो एविला ने गोल दागा।
| Tweet![]() |