गिब्स ने दी मुंबई इंडियंस को 168रनों की चुनौती
Last Updated 25 Apr 2009 04:41:28 PM IST
![]() |
डरबन। हर्शल गिब्स के अर्धशतक और एडम गिलक्रिस्ट व ड्वेन स्मिथ की धमाकेदार पारियों की बदौलत डक्कन चार्जर्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल टू के मुकाबले में मजबूत चुनौती पेश की है। डक्कन ने निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट खोकर 168 रन बनाए। गिब्स ने 44 गेंद पर 58 रन की पारी खेली।
डक्कन चार्जर्स के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अपने इस फैसले को सही ठहराते हुए गिलक्रिस्ट ने हर्शल गिब्स के साथ मिलकर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर सिर्फ 5.3 ओवर मे 50 रन पर पहुंचा दिया। इस दौरान गिली ज्यादा ही आक्रामक नजर आए। उन्होंने छक्के-चौकों की छड़ी लगा दी। गिली के तूफान को ड्वेन ब्रावो ने थामा। पीनल शाह को कैच देने से पहले गिली ने 20 गेंदों पर तीन छक्कों व इतने ही चौकों की मदद से 35 रन की पारी खेली। इसके बाद क्रीज पर आए ड्वेन स्मिथ ने भी तेजी दिखाते हुए रन बटोरे। उन्होंने टीम का स्कोर 100 से ऊपर पहुंचाया। वह सनथ जयसूर्या के शिकार बने। बोल्ड होने से पहले स्मिथ ने 22 गेंदों पर 35 रन बनाए।
इसके बाद से मुंबई ने वापसी की राह पकड़ी। उसने कम अंतराल पर रोहित शर्मा [3], वीवीएस लक्ष्मण [0] के विकेट हासिल किए। डक्कन को सबसे बड़ा झटका गिब्स के रूप में लगा। वह दूसरा रन चुराने के प्रयास में रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 44 गेंद पर छह चौके व दो छक्के की मदद से 58 रन की पारी खेली।
पिछले सत्र में फिसड्डी रही डक्कन ने अभी तक खेले गए दोनों मुकाबले जीते है जबकि मुंबई ने एक मैच जीता है लेकिन उसका एक मैच बारिश के कारण रद रहा था।
Tweet![]() |