गढ़वाल से लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री

Last Updated 10 Mar 2021 11:04:45 AM IST

उत्तराखंड के गढवाल से भाजपा के सांसद तीरथ सिंह रावत राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।


तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के नए CM

तीरथ सिंह रावत को भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी का नेता चुना गया। बताया जा रहा है कि आज ही सायं 4 बजे वह राज्य के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विधायक दल की बैठक के बाद तीरथ सिंह रावत रावत के नाम की घोषणा की। त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह और प्रदेश पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम भी उपस्थित थे।

बैठक, बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पर बुधवार पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई।

केंद्रीय पर्यवेक्षक रमन सिंह और प्रदेश पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम भी नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे हैं।

उल्लेखनीय है कि करीब एक साल से रावत को बदलने की चर्चाएं चल रहीं थी। पिछले दो दिन में राज्य में तेजी से बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पर्यवेक्षक रमन सिंह अचानक देहरादून पहुंचे और उन्होंने सभी विधायकों की राय लेकर रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी।

रावत भी दिल्ली गये थे लेकिन वह हाईकमान को मनाने में कामयाब नहीं रहे और आज उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

नये मुख्यमंत्री के लिए  भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक, अनिल बलूनी, धन सिंह रावत और अजय भट्ट के नामों की चर्चा थी।

ऐसी भी चर्चाएं थी कि राज्य में अगले वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव को मद्देनजर रखते हुए किसी कद्दावर नेता को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद रावत ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हाईकमान के कहने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नये नेता का चुनाव किया जायेगा।

भाषा
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment