यूपी विधानसभा चुनाव: सपा साइकिल यात्रा निकालकर दिखाएगी ताकत

Last Updated 05 Aug 2021 11:57:11 AM IST

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अपने वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर एक बार ताकत दिखाने जा रही है। पार्टी जनसमस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए तहसील स्तर पर आज साइकिल यात्रा निकालेगी।


इस दौरान पार्टी कार्यकतार्ओं में जोश भरने के साथ ही भाजपा की नीतियों का विरोध जताया जाएगा। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव साइकिल चलाएंगे तो कन्नौज में पूर्व सांसद डिंपल यादव यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगी। अन्य जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेता साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

सपा अध्यक्ष पार्टी कार्यालय पर साइकिल यात्रा की शुरूआत करेंगे। लॉरेटो चौराहा, जियामऊ, 1090 चौराहा, जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र, सिरोज कैफे होते हुए दयाल चौराहा होते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचेगी। यहां अखिलेश यादव जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसी तरह पूर्व सांसद डिंपल यादव कन्नौज में साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। मथुरा में एमएलसी संजय लाठर व उदयवीर सिंह, आगरा में रामजी लाल सुमन, इटावा में डॉ. राजपाल कश्यप, चित्रकूट में एमएलसी डॉ. मान सिंह, गोंडा में एमएलसी संतोष सनी, बस्ती में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय मौजूद रहेंगे। इसी तरह अन्य जिलों के लिए भी अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं।

समाजवादी पार्टी ने इससे पहले 15 जुलाई को भी जन समस्याओं के मुद्दे पर प्रदेश भर की तहसीलों में विरोध-प्रदर्शन कर अपनी ताकत का अहसास कराया था। सपा ने पंचायत चुनाव में धांधली सहित जन समस्याओं से जुड़े 16 मुद्दे उठाए थे। अब फिर सपा ने जन समस्याओं से जुड़े मसलों पर साइकिल यात्रा निकालने का निर्णय किया है। पार्टी ने अपने कार्यकतार्ओं को बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी करने को कहा है।
 

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment