दुष्कर्म मामले में जेल की सजा काट रहे राम रहीम 20 दिन की पैरोल पर रिहा

Last Updated 02 Oct 2024 09:06:34 AM IST

दुष्कर्म जैसे संगीन मामले में जेल की सजा काट रहे डेरा प्रमुख राम रहीम सिंह को पैरोल पर जेल से रिहा कर दिया गया है। राम रहीम को बीस दिन की पैरोल दी गई है।


जेल से रिहा होने के बाद राम रहीम अब यूपी के बरनावा आश्रम में रहेंगे। उन्हें पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सुनारियां जेल से बाहर लाया गया। सुबह छह बजे से ही जेल के बाहर हलचल बढ़ गई थी और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया था।

हालांकि, राम रहीम की पैरोल को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा था कि इस वक्त राम रहीम को पैरोल देना उचित नहीं है, विधानसभा चुनाव पर इसका असर पड़ सकता है। इन सबके बीच देर रात हरियाणा सरकार ने राम रहीम की रिहाई के आदेश जारी कर दिए। प्रशासन ने बताया कि जेल मैनुअल के अनुसार, राम रहीम को नियमों के तहत पैरोल दी गई है, जो इस वर्ष की बची हुई पैरोल में से 20 दिन की है।

पैरोल पर राम रहीम की रिहाई को लेकर चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनावों में लाभ के लिए उन्हें रिहा किया गया है। हालांकि, उनकी पैरोल शर्तों के साथ है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह पैरोल अवधि के दौरान हरियाणा में नहीं रहेंगे और न ही सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। अगर इन शर्तों का उल्लंघन होता है, तो उनकी पैरोल तुरंत रद्द कर दी जाएगी।

बता दें कि राम रहीम को अदालत ने 2017 में अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के मामले में दोषी ठहराते हुए 20 साल कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा, कोर्ट ने राम रहीम और तीन अन्य लोगों को 16 साल से अधिक समय पहले एक पत्रकार की हत्या के लिए भी दोषी ठहराया था।

उसने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले 20 दिन की पैरोल का अनुरोध किया था।

पैरोल की शर्तों के अनुसार, डेरा प्रमुख किसी भी चुनाव संबंधी गतिविधि में हिस्सा नहीं लेगा और न ही सार्वजनिक भाषण देगा। इस अवधि के दौरान वह हरियाणा से बाहर रहेगा।

डेरा प्रमुख ने कहा था कि अगर पैरोल मिलती है तो वह बागपत में रहना चाहते हैं।

जेल विभाग ने हाल में विधानसभा चुनावों के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर डेरा प्रमुख की पैरोल याचिका को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय को भेजा था।

हरियाणा में पांच अक्टूबर को चुनाव होने हैं और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

आईएएनएस/भाषा
रोहतक


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment