गोवा में ग्राम पंचायतों और नगर पालिकाओं ने स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन की घोषणा की, सीएम ने लगाई फटकार

Last Updated 10 May 2021 07:34:05 PM IST

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को महज प्रचार के लिए अपने स्वयं के कर्फ्यू लगाने को लेकर स्थानीय नागरिक निकायों के प्रमुखों को फटकार लगाई।


गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (File photo)

इसके साथ ही सावंत ने उन्हें स्थानीय निवासियों का युद्धस्तर पर टीकाकरण करने की अपील भी की, ताकि कोविड-19 के कहर को कम किया जा सके।

उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ग्राम पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिकाओं के निर्वाचित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि महामारी के तेजी से प्रसार के खिलाफ चल रही लड़ाई में राजनीति को अलग रखा जाना चाहिए।

दरअसल हाल ही में 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के साथ-साथ नगर पालिकाओं ने राज्य में कोविड मामलों में उछाल के बीच स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन की घोषणा की थी।

इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "कई लोगों ने बैठकें लीं, फोटो खिंचाए और लॉकडाउन का आदेश दे दिया। सभी ने अपने-अपने लॉकडाउन घोषित कर दिए। कुछ (विधायकों) ने भी अपने पूरे निर्वाचन क्षेत्रों में लॉकडाउन की घोषणा कर दी। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि कोई निर्वाचन क्षेत्रों में कैसे लॉकडाउन लगा सकता है। कुछ ने पंचायतों में लॉकडाउन लगा दिया तो कई नगरपालिकाओं ने इसकी घोषणा कर दी।"



स्थानीय लॉकडाउन उस समय देखने को मिला, जब राज्य सरकार ने आवाजाही पर राज्यव्यापी प्रतिबंध लगाया था।

सावंत ने कहा कि स्थानीय निकायों के प्रमुखों को यह नहीं सोचना चाहिए कि केवल अनियोजित लॉकडाउन लगाने से कोविड को दूर किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने सवाल पूछते हुए कहा, क्या हमारा काम लॉकडाउन लगाने और प्रचार पाने से समाप्त हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह अपनी कोविड प्रबंधन नीतियों की आलोचना के बारे में चिंतित नहीं हैं।

उन्होंने कहा, इस तरह की महामारी 100 साल पहले आई थी। हम नहीं जानते हैं कि महामारी के दौरान क्या हुआ था। आलोचना करने के लिए कोई सोशल मीडिया नहीं था। आलोचना मुझे परेशान नहीं करती। हमारा लक्ष्य लोगों को बचाना है।

उन्होंने स्थानीय निकायों में चुने गए प्रतिनिधियों से हर दिन कम से कम 10 व्यक्तियों का टीकाकरण करवाने का आग्रह किया।

गोवा में हाल के दिनों में कोविड-19 मामलों में एक अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। राज्य में वर्तमान में 31,875 सक्रिय मामले हैं, जबकि कोविड की वजह से अब तक 1,679 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।

आईएएनएस
पणजी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment