कोरोना के नए मामलों में हो रही बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में आज रात 10 बजे से नाइट कर्फ्यू

Last Updated 06 Apr 2021 12:00:13 PM IST

देश की राजधानी नई दिल्ली में रात का कर्फ्यू लगाने की घोषणा कर दी गई है। इसके तहत शहर में 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक का कर्फ्यू जारी रहेगा।


(फाइल फोटो)

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आज इस सम्बंध में एक गाइडलाइन जारी किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले के मद्देनार रात्रि कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया गया है। कर्फ्यू की समयावधि रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तय की गई है। सार्वजनिक वाहनों जैसे बस, ऑटो, टैक्सी को तय समय के बाद उन्हीं लोगों को लाने और ले जाने की इजातत होगी जिन्हें इस दौरान छूट प्रदान की गई है।

यह घोषणा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करने के बाद की। राज्य में महामारी के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए शहर में प्रतिबंध बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने यह मीटिंग की थी।

इससे पहले केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी कोविड -19 की चौथी लहर से गुजर रही है। वैसे सरकार ने लॉकडाउन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है।

सरकार द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जो कि 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। यह फैसला कोविड-19 मामलों की संख्या में तेजी से हुई बढ़ोतरी को देखते हुए लिया गया है।

मामलों में बढ़ोतरी वाले दूसरे राज्यों जैसे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में पहले ही रात का कर्फ्यू लगाया जा चुका है। हालांकि सूत्रों ने कहा कि इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास भेजा गया था, लेकिन उनके कार्यालय ने कहा था कि अभी ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 3,548 नए मामले दर्ज होने के बाद कुल मामले 6,79,962 हो गए हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 5.54 प्रतिशत है।

यह लगातार चौथा दिन है कि जब दिल्ली में 3,500 से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। इससे पहले रविवार को यहां 4,033 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो कि साल 2021 का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा था। वहीं 3 अप्रैल को 3,567 और 2 अप्रैल को 3,594 मामले सामने आए थे।

देश में कोरोनावायरस के पिछले 24 घंटों में 96,982 नए मामले दर्ज होने के बाद मंगलवार तक मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,26,86,049 हो गई है। इससे एक दिन पहले सोमवार को देश में कोरोना के 1 लाख से ज्यादा 1,03,558 नए मामले दर्ज हुए थे।

महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब में रोज तेजी से मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसके चलते केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पंजाब के 50 जिलों में 50 हाई-लेवल मल्टी-डिसिप्लिनरी पब्लिक हेल्थ टीमें भेजी हैं। इन जिलों में मामले बड़ी संख्या में दर्ज हो रहे हैं।

आईएएनएस/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment