UP Lok Sabha Election results : BJP की लगी हैट्रिक, कानपुर से जीते प्रत्याशी रमेश अवस्थी

Last Updated 05 Jun 2024 07:01:48 AM IST

UP Lok Sabha Election results : लोक सभा चुनाव की मतगणना में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने कांटे के संघर्ष के बाद जीत हासिल कर ली।


कानपुर : लोकसभा चुनाव जीतने के बाद विक्ट्री साइन दिखाते भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी।

संघर्ष में कई बार गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्र ने कई चक्रों में बढ़त हासिल की लेकिन बढ़त बहुत देर तक कायम नहीं रख सके।

26वें और अन्तिम चक्र में पोस्टल बैलेट व ईटीबीपीएस को मिलाकर भाजपा प्रत्याशी को कुल 4,42,747 वोट मिले और गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्र  को 4,21,993 वोट मिले।

कुल 8,81,527 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था। कुल मिलाकर रमेश अवस्थी को  20,754 वोटों से जीत मिली है।

कानपुर की लोकसभा सीट सन् 2014 से भाजपा की झोली में है। 2014 में मुरली मनोहर जोशी सांसद थे।

इसके बाद 2019 में सत्यदेव पचौरी ने भाजपा की सीट पर जीत हासिल की थी। 2024 में नये चेहरे रमेश अवस्थी को भाजपा ने कानपुर लोकसभा सीट का टिकट दिया था।

पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी को 3677 मत और गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा को 2548 मत मिले थे।

कानपुर की विरासत वापस लाऊंगा
भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने चुनाव जीतने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि कानपुर की विरासत वापस लाने के लिये मैं पूरे प्रयास करूंगा। अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुये कहा कि शहर की बंद मिलों को चालू कराने के लिये प्रयास करूंगा। श्रमशक्ति एक्सप्रेस को पूरे सप्ताह चलवाने का प्रयास करूंगा, जिससे दिल्ली जाने वालों को राहत मिले। शहर के विकास को लेकर मैं बहुत गंभीर हूं और कानपुर को विकसित कानपुर बनाने के लिये जनता का सहयोग लूंगा।

पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 1129 मतों की बढ़त मिली। पांचवा राउंड आते-आते गठबंधन के प्रत्याशी को 15,433 मत और भाजपा प्रत्याशी को 19,940 मिले।

पांचवें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी 4,497 मतों से आगे थे। छठवें राउंड में भाजपा प्रत्याशी ने 5,783 की बढ़त ले ली थी। आठवें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी को 1,51,673 और गठबंधन के प्रत्याशी को 1,42,908 वोट मिले थे। इसमें भी भाजपा बढ़त बनाने में कामयाब रही।

ग्यारहवें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी को 2,05,556 मत और गठबंधन के प्रत्याशी 2,03,777 मत मिल चुके थे और कांटे का संघर्ष शुरू हो गया था। 13वें राउंड गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने 2,41,615 मत हासिल करके भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर देना शुरू कर दी थी। 14वें राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी को 2,61,239 और भाजपा प्रत्याशी 2,60,425 मत मिले। जिससे भाजपाइयों की सांसें रुक गयी। 20वें राउंड पहुंचते-पहुंचते गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा बढ़त को बनाये में सफल नहीं हुए। इस राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी को 3,62,186 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी 3,81,388 मत पाकर बढ़त बनाये हुए थे। यह बढ़त भाजपा को आगे ले जाने में कामयाब रही।

26वें राउंड में मिली जीत

21वें राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी को 3,79,124 मत मिले  और भाजपा प्रत्याशी को 3,96,011 मिले। इस राउंड में भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाये रखने में कामयाब रहे। 22वें राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी को 3,93,417 मत और भाजपा को 4,04,977 मत मिले। 23वें राउंड में गठबंधन के 4,02,560 मत और भाजपा को 4,18,639 मत मिले। 25वें राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी 4,18,857 मत और भाजपा को 4,40,096 मत मिले। 26वें   राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा को 4,19,275 मत और भाजपा प्रत्याशी को 4,40,301 मत मिले। यही से भाजपा प्रत्याशी ने जीत का सेहरा पहन लिया।

मतदान में लगे कर्मियों का मतदान के पहले पालीटेक्निक में मतदान कराया गया था, जिसमें भाजपा प्रत्याशी को 306 मत और गठबंधन के प्रत्याशी को 234 मत मिले है। इसी प्रकार पोस्टल बैलेट में भाजपा को 2140 और कांग्रेस को 2484 मिले है। 

बीजेपी प्रत्याशी की जीत पर जाहिर की खुशी

कानपुर और अकबरपुर दोनों लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के चुने जाने पर भाजपाइयों व क्रांतिकारी संगठन ने खुशी जाहिर करते हुए मिष्ठान वितरण किया।

इसके साथ ही हषरेल्लास के साथ जश्न मनाया।

इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि इस राष्ट्रवादी सरकार ने सभी लोगों को समान अवसर प्रदान करते हुए विकास के पथ पर अग्रसर किया है।

हम उम्मीद करते हैं कि सरकार निरंतर इसी प्रकार के कार्य करती रहेगी और विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ाने का कार्य करेगी।

 

भाजपा प्रत्याशी को किदवई नगर व गोविंद नगर विधानसभा के मतों ने जितवाया

शाम चार बजे तक विपक्ष समर्थित आर्य नगर, छावनी और सीसामऊ विधानसभाओं में आलोक मिश्रा लीड बनाने में कामयाब रहे। इन विधानसभाओं में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। आर्यनगर विधानसभा से आलोक को लगभग 11 हजार की बढ़त मिली थी। सीसामऊ विधानसभा में आलोक को 26 हजार से अधिक मतों की बढ़त मिली। छावनी विधानसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी को करीब 43 हजार मतों की बढ़त मिली।

गोविंद नगर और किदवई नगर विधानसभाओं के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी को विजय दिलायी। गोविंद नगर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी को 40 हजार मतों की बढ़त मिली। किदवई नगर विधानसभा में रमेश अवस्थी को 62 हजार मतों की बढ़त मिली।

पल-पल बदलते माहौल से बढ़ती रहीं धड़कनें

लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान पल-पल का माहौल बदलता रहा। रोमांचक मुकाबले की शुरुआती 17 चरण तक भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी निकटतम प्रत्याशी इंडिया गठबंधन के आलोक मिश्रा से आगे रहे।

हालांकि 18 चरण में इंडिया गठबंधन के आलोक मिश्रा ने पलटी मारी और रमेश अवस्थी 1991वोटो से पीछे कर दिया। अबतक की गिनती में वह करीब चौतिस सौ वोटों से आगे थे। वहीं तेजी से बदलते समीकरण को देखते हुये कार्यकर्ताओं की धड़कने भी तेज होती गई।

अति उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह आलोक मिश्रा के आगे बढ़ते ही ठंडा पड़ने लगा। वहीं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं की खुशी देखते ही बन रही थी। नौबस्ता गल्लामंडी स्थित मतगणना स्थल में गठबंधन कार्यकर्ताओं की भीड़ भी बढ़ने लगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मी भी चौकन्ना हो गये।

समय लाइव डेस्क
कानपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment