Chhattisgarh Polls 2023: विधानसभा चुनावों के बीच कांकेर और सुकमा में नक्सलियों का हमला, 4 सुरक्षाकर्मी घायल

Last Updated 07 Nov 2023 03:34:56 PM IST

छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों के बीच कुछ स्थानों पर नक्सली वारदातों को दर्ज किया गया है। कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से ए के-47 राइफल बरामद किया है।


वहीं नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में मंगलवार को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के चार जवान घायल हो गए । पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मिनपा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के चार जवान घायल हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षाबलों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब मिनपा थाना क्षेत्र में था तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवानों समेत चार जवान घायल हुए हैं। घायलों को हेलीकॉप्टर से बाहर निकाला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

मिनपा, सुकमा जिले के कोंटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत है। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 12 जिलों समेत कुल 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। कोंटा विधानसभा क्षेत्र उन 10 सीटों में है जहां सुबह सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान किया गया।

कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो को किया ढेर

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से ए के-47 राइफल बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना में कुछ नक्सलियों के मारे जाने या उनके घायल होने की संभावना जताई है।

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों समेत कुल 20 विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को मतदान हो रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बांदे थाना क्षेत्र में पनावर गांव के समीप आज दोपहर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था और जब यह दल पनावर गांव के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। बाद में जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक ए के-47 राइफल बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कुछ नक्सलियों के मारे जाने और घायल होने की संभावना है। उनके अनुसार इलाके में छानबीन की जा रही है।

 

भाषा
कांकेर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment