महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज दोपहर 3:30 बजे होगा ऐलान

Last Updated 15 Oct 2024 09:24:47 AM IST

आखिरकार महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों की बड़ी खबर सामने आ ही गयी। चुनाव आयोग आज (मंगलवार) को चुनावों के लिए तारीखों का ऐलान करने जा रहा है।


भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने बताया कि आज दोपहर 3:30 बजे विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में एक प्रेस कांफ्रेस आयोजित की जाएगी, जिसमें  महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की ऐलान किया जाएगा।

इस दौरान चुनाव आयोग चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा करेगा, जिसमें मतदान की प्रक्रिया, चुनावी सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी शामिल होंगी।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव संबंधी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। निर्वाचन आयोग की टीम ने कुछ समय पहले दोनों राज्यों का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया था।

मिली रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग दिवाली और छठ पूजा को ध्यान रखते हुए तारीखों का ऐलान कर सकता है, क्योंकि, त्योहारों के दौरान महाराष्ट्र में काम करने वाले झारखंड-बिहार के मतदाता अपने घर लौट जाते हैं, इसलिए, चुनाव आयोग नवंबर के दूसरे हफ्ते के अंत में चुनाव कराने की योजना बना सकता है, जिससे प्रवासी मतदाताओं को त्योहारों के बाद वापस आने का समय मिल सके और अपने मतों का इस्तेमाल कर सकें।

महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान उन लाखों मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो अपने अधिकार का उपयोग कर अपनी पसंद की सरकार चुनने के लिए तैयार हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव आयोग की इस प्रेस कांफ्रेस का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं, सभी दलों की नजरें आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि 288 विधानसभा सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है।

वहीं दूसरी ओर,  81 विधानसभा सीटों वाली झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।

सुरेन्द्र देशवाल,समय डिजिटल डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment