Gandhi Jayanti : राष्ट्रपति व पीएम मोदी ने बापू और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Last Updated 02 Oct 2024 08:24:28 AM IST

Gandhi Jayanti: आज देश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 155वीं जयंती मनाई जा रही है, इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अन्य कई नेताओं ने राजघाट पर जाकर बापू जी को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।


राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पीएम मोदी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "महात्मा गांधी की 155वीं जयंती पर मैं देश के सभी नागरिकों की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। सत्य और अहिंसा के प्रबल अनुयायी बापू का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए एक अनूठा संदेश है। उन्होंने हमें शांति और सहयोग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। गांधीजी ने अस्पृश्यता, अशिक्षा, अस्वच्छता और अन्य सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए अभियान चलाया और महिला सशक्तिकरण के लिए अथक प्रयास किए।"

उन्होंने आगे लिखा, "गांधीजी शाश्वत नैतिक सिद्धांतों के प्रतीक थे और उन्होंने नैतिकता आधारित आचरण का उपदेश दिया। उनका संघर्ष सबसे कमजोर को मजबूत करने पर केंद्रित था। उनके विचारों ने दुनिया के कई महान व्यक्तियों को प्रभावित किया, जिन्होंने गांधीजी के आदर्शों को अपने तरीकों में अपनाया। इस पावन अवसर पर, आइए हम सत्य, अहिंसा, प्रेम और पवित्रता के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लें और गांधीजी के सपनों के भारत की कल्पना के साथ देश और समाज के विकास को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करें।"

राष्ट्रपति मुर्मू ने लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर, मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। शास्त्री जी ने आजीवन सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति के उच्चतम आदर्श प्रस्तुत किए। उनके सुदृढ़ नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक एवं अन्य सफलता प्राप्त की। आइए, उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए हम सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लें।"

इसके अलावा, नेता प्रतिप्रक्ष राहुल गांधी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और दिग्गज राजनेताओं तक ने बापू को याद किया। कई दिग्गजों ने भी राजघाट पर पहुंचकर बापू को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

देश में जय जवान, जय किसान का नारा देने वाले और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर पीएम मोदी ने आदरपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ''सभी देशवासियों की ओर से पूज्य बापू को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। सत्य, सद्भाव और समानता पर आधारित उनका जीवन और आदर्श देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणापुंज बना रहेगा।''

इसके अलावा पीएम मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए एक और पोस्ट में लिखा, "देश के जवान, किसान और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी 2 अक्टूबर को नई दिल्ली के राजगढ़ में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित किया।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी एक्स पर पोस्ट के जरिए महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, "गांधी जयंती के मौके पर, मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उनकी अहिंसा, सत्य और एकता की सीख हमें हर दिन प्रेरित करती है। आइए हम सब मिलकर एक न्यायपूर्ण और समावेशी समाज बनाने का संकल्प लें, जो उनके भारत के सपने को साकार करे। हम हमेशा अहिंसा और सबके प्रति सहिष्णुता के रास्ते पर चलें। जय हिंद!"

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट में लिखा,  "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी जयंती पर शत्-शत् नमन। बापू के आदर्श एवं उनके विचार हमें प्रेरणा देते हैं। हमें बापू के विचारों का अनुसरण करना चाहिए तथा उसे आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। बापू के दिखाए मार्ग और उनकी सीख से समाज में भाईचारे और सद्भाव का माहौल रहेगा, देश आगे बढ़ेगा।"

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "सादगी और राष्ट्र प्रेम के उत्कृष्ट उदाहरण, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का हमें संकल्प लेना चाहिए।"

समय डिजिटल डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment