Haryana Assembly Elections 2024: अंबाला में प्रियंका गांधी गरजीं, कहा- जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं, उन्हें ही बदल दें

Last Updated 30 Sep 2024 04:39:37 PM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा।


प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य के लोगों को उन लोगों को बदल देना चाहिए, जो संविधान ‘‘बदलने’’ की बात करते हैं और हर स्तर पर उसका ‘‘अपमान’’ करते हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली चुनावी रैली में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के लोगों ने हमेशा देश की रक्षा की है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों, जवानों और खिलाड़ियों ने देश का सम्मान बरकरार रखा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा पिछले 10 वर्षों से हरियाणा में सरकार में है। उन्होंने इस सम्मान की रक्षा के बदले में आपको क्या दिया? उन्होंने (भाजपा सरकार) हर स्तर पर आपका अपमान किया।’’

उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘यहां बहुत बेरोजगारी है। आपमें से कितने लोगों को रोजगार मिला।’’

किसानों के मुद्दों पर भाजपा सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और आपको आंसू गैस के गोले मिले और आपको लाठियां मिलीं। आपकी बात नहीं सुनी गई।’’

प्रियंका गांधी ने 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने के भाजपा सरकार के दावे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उन 24 में से 10 फसलें यहां नहीं उगाई जाती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आपको धोखा दिया गया।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लोग महंगाई से लड़ रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार आपके लिए कुछ नहीं कर रही है। जहां भी देखें, आप घोटाले पर घोटाले देखने को मिलते हैं। आज आपका भविष्य क्या है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप न्याय चाहते हैं, तो इस सरकार को उखाड़ फेंकिए। इस सरकार को हटा दीजिए। आपको इस सरकार से कुछ भी नहीं मिला।’’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘संविधान ने आपको सम्मान दिया है। संविधान ने आपको अधिकार दिया है। आप उन लोगों को बदल दीजिए, जो संविधान बदलने की बात करते हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा (सत्ता से) जा रही है, कांग्रेस आ रही है।’’

हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिये मतदान पांच अक्टूबर को है और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

भाषा
अंबाला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment