Rahul Gandhi Claims ED Raid: राहुल गांधी का बड़ा दावा- मेरे खिलाफ ED की छापेमारी की तैयारी

Last Updated 02 Aug 2024 10:10:54 AM IST

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया कि सदन में उनके दिये चक्रव्यूह वाले भाषण के बाद उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी की तैयारी हो रही है।


उन्होंने कहा कि ईडी के कुछ अंदरूनी लोगों ने उन्हें छापेमारी की योजना के बारे में बताया है और वह उनका इंतजार कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जाहिर है ‘2 इन 1’ को मेरा चक्रव्यूह वाला भाषण अच्छा नहीं लगा। ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया है कि छापेमारी की तैयारी हो रही है। मैं ईडी का दिल खोलकर इंतजार कर रहा हूं। मेरी तरफ से चाय और बिस्कुट।’’

इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने अपने इस पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग भी किया।

वह केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान लोकसभा में 29 जुलाई को दिए गए अपने भाषण का जिक्र कर रहे थे।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि "एनडीए सरकार ने देश भर में भय के माहौल के बीच बजट 2024 में मध्यम वर्ग को आगे और पीछे से छुरा घोंपा है।"

राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने हिंदुस्तान को अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में फंसा दिया है। उन्होंने यह भी कहा था कि विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (INDIA) इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा।

महाभारत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में छह लोगों ने अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर मार डाला था। मैंने थोड़ा रिसर्च किया और पाया कि चक्रव्यूह को पद्मव्यूह भी कहा जाता है - जिसका अर्थ है कमल का फूल... 21वीं सदी में एक नया चक्रव्यूह बन गया है... अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के युवाओं, किसानों, महिलाओं, छोटे और मध्यम व्यवसायों के साथ हो रहा है।"

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने चक्रव्यूह वाले बयान को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की थी और कहा था कि देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह देखे हैं।

उन्होंने सात चक्रव्यूह गिनाकर कांग्रेस पर हमला बोला और कहा था कि पहला चक्रव्यूह कांग्रेस ही थी, जिसने देश को विभाजित किया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि इंडिया ब्लॉक सत्ता में आने पर जाति आधारित जनगणना कराएगा और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी भी देगा।

लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान की भारतीय जनता पार्टी BJP) ने आलोचना की है। राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर हमला बोला और अभिमन्यु का जिक्र करते हुए चक्रव्यूह का दूसरा नाम 'पद्मव्यूह' बताया, जो कमल के फूल के शेप में होता है।
 

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment