दिल्ली चुनाव: 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कल, चुनाव की सभी तैयारियां पूरी
दिल्ली विधानसभा के शनिवार को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गये हैं।
![]() |
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान शनिवार को होगा। चुनाव मैदान में कुल 672 उम्मीदवार हैं जिनके भविष्य का फैसला शनिवार को वोटिंग मशीन में कैद हो जाएगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्य रूप से चुनाव लड़ने वालों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजेंद्र गुप्ता और कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली शामिल हैं।
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट से हैं, जबकि सबसे कम 4 उम्मीदवार पटेल नगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। नई दिल्ली सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव मैदान में हैं।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह के अनुसार मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों को तैनात किए जाने के इंतजाम किए गये हैं। सिंह के अनुसार मतदान निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए 1000024 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर तैनात किए गये हैं।
सुरक्षा इंतजामों के संबंध में सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस के 38 हजार 874 और होम गार्ड के 19 हजार जवान तैनात किए जायेंगे। इसके अलावा बड़ी संख्या में अर्धसैनिक सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जायेगी।
चुनाव में कुल 672 उम्मीदवार हैं जिनमें पुरुष 593 और महिला प्रत्याशी 79 हैं। 23 विधानसभा सीटों पर कोई भी महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 66 और कांग्रेस ने भी इतनी ही सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का नीतिश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटिड और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ समझौता है। कांग्रेस का लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन है। मायावती की बहुजन समाजपार्टी (बसपा) ने 68 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने तीन-तीन उम्मीदवार उतारे हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा) पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पंजीकृत राजनीतिक दलों के 243 और 148 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
सबसे कम मतदाता चांदनी चौक में एक लाख 25 हजार 684 और सर्वाधिक मटियाला में चार लाख 23 हजार 682 हैं। सबसे कम क्षेा फल वाली विधानसभा सीट बल्लीमारान 2.50 वर्ग किलोमीटर और सर्वाधिक क्षेाफल वाली नरेला 143.42 वर्ग किलोमीटर है।
साल 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 में से 67 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 3 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।
थमा प्रचार का शोर, मतदान कल
दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान गुरूवार शाम छह बजे थम गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा, आप व कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर मतदान शनिवार को सुबह 8 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव मैदान में कुल 672 उम्मीदवार हैं। इसमें 79 महिला एवं 148 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। आप ने 70, भाजपा ने 66, कांग्रेस ने 66 एवं बसपा ने 68 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। मतदान के लिए कुल 13,571 बूथ बनाए गए हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी।
25 जनवरी से चल रहे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान भाजपा ने शाहीन बाग में चल रहे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनों को फोकस करते हुए आक्रामक प्रचार अभियान किया। आप ने अपनी सरकार की बिजली, पानी और महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा जैसे मुद्दों को जोर-शोर से मतदाताओं के सामने रखा, तो कांग्रेस प्रचार अभियान में काफी पिछड़ती दिखी।
चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में तीनों प्रमुख दलों ने मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर, हरिनगर तथा पश्चिमी दिल्ली के मादीपुर में रोड शो किए। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की। आप के सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्र में रोड शो निकाल कर लोगों से मतदान करने की अपील की।
कल मेट्रो का परिचालन सुबह चार बजे से
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दिन आठ फरवरी को चुनाव डय़ूटी में लगाए गए कर्मचारी समय पर पहुंच सके इसके लिए डीएमआरसी मेट्रो ट्रेन का परिचालन सुबह चार बजे से शुरू करेगा।
डीएमआरसी के अनुसार शनिवार को मेट्रो के सभी रूटों पर ट्रेनों का परिचालन सुबह चार बजे से शुरू हो जाएगा और सुबह छह बजे तक आधे-आधे घंटे के अंतराल पर ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। सुबह छह बजे के बाद ट्रेनों का परिचालन पूर्व की तरह होगा।
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयार की विस्तृत योजना
दिल्ली विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कानून और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है।
इसके तहत मतदान और मतगणना केन्द्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 545 अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर भी अधिकारियों की कड़ी नजर रहेगी और 78 हजार दिल्ली पुलिस और सुरक्षाकर्मिंयों की सुरक्षा में चुनाव संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान पुलिस की राजधानी की सीमा पर पैनी नजर रहेगी। पड़ोसी राज्यों के साथ लगी सीमा क्षेत्र में
यमुना नदी में नावों पर गश्त की व्यवस्था की गई है।
| Tweet![]() |