सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति असद को रूस ने आखिर क्यो दी राजनीतिक शरण, जानिए
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा कि रूस ने सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर असद को राजनीतिक शरण दिया है।
सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति असद को रूस ने दिया राजनीतिक शरण |
क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने असद को शरण देने का निर्णय व्यक्तिगत रूप से लिया। हालांकि, पेस्कोव ने इस बारे में नहीं बताया कि असद कहां ठहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुतिन की असद से मिलने की योजना नहीं है।
बता दें कि रूस ने सीरियाई गृह युद्ध में असद का साथ दिया था।
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी तास ने क्रेमलिन के सूत्र के हवाले से जानकारी दी कि असद और उनका परिवार मॉस्को पहुंच चुका है और मानवीय कारणों से रूस ने उन्हें शरण दी है।
सूत्र ने कहा, रूस ने हमेशा सीरियाई संकट के राजनीतिक समाधान के पक्ष में बात की है। हम जोर देते हैं कि संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता वाली वार्ता फिर से शुरू की जाए।
रूसी अधिकारी सशस्त्र सीरियाई विपक्ष के प्रतिनिधियों के संपर्क में हैं, जिनके नेताओं ने सीरियाई क्षेत्र में रूसी सैन्य ठिकानों और राजनयिक मिशनों की सुरक्षा की गारंटी दी है। विद्रोही गुटों ने रविवार को सीरियाई राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया था जिसके बाद राष्ट्रपति असद के देश छोड़ कर भाग गए।
59 वर्षीय बशर अल-असद ने 2000 में अपने पिता हाफिज अल-असद की मृत्यु के बाद सत्ता संभाली थी। उनके पिता 1971 से देश पर शासन कर रहे थे। 2011 उनके शासन काल के लिए सबसे अहम साल रहा जब लोकतंत्र की मांग को लेकर हजारों सीरियाई नागरिक सड़कों पर उतर आए, लेकिन उन्हें भारी सरकारी दमन का सामना करना पड़ा।
हालांकि सरकार के विरोध में विभिन्न सशस्त्र विद्रोही समूहों का गठन हो गया और सरकार का विरोध 2012 के मध्य तक, विद्रोह एक पूर्ण गृह युद्ध में बदल गया। असद रूस, ईरान और लेबनान के हिज्बुल्लाह की मदद से वर्षो तक विद्रोही गुटों का सफलतापूर्व मुकाबला करते रहे।
| Tweet |