विचार शक्ति
सोचने की प्रक्रिया में विषयों पर एकाग्रता ही नहीं स्वस्थ और सही दृष्टिकोण का होना भी आवश्यक है।
![]() श्रीराम शर्मा आचार्य |
किसी भी विषय पर दो प्रकार से सोचा जा सकता है-विधेयात्मक भी, निषेधात्मक भी। परस्पर विरोधी दोनों ही दिशाओं में एकाग्रता का अभ्यास किया जा सकता है। इस महत्त्वपूर्ण तथ्य को हर व्यक्ति जानता है कि निषेधात्मक चिन्तन से मनुष्य की वैचारिक क्षमताओं में हृास होता है। विधेयात्मक दृष्टिकोण से ही चिन्तन का सही लाभ लिया जा सकता है। निषेधात्मक चिन्तन से बचने का तरीका यह भी हो सकता है कि अपनी गरिमा पर विचार करते रहा जाय तथा यह अनुभव किया जाय कि मानव जीवन एक महान उपलब्धि है जिसका उपयोग श्रेष्ठ कार्यों में ही होना चाहिए। निकृष्ट चिन्तन मनुष्य को उसकी गरिमामय स्थिति से गिराता है, यह विश्वास जितना सुदृढ़ होता चला जाएगा-विधेय चिन्तन को उतना ही अधिक अवसर मिलेगा। पूर्वाग्रहों से ग्रसित होने पर भी सही चिन्तन बन नहीं पड़ता।
किसी विचारक का यह कथन शत-प्रतिशत सच है कि ‘जो जितना पूर्वाग्रही हो वह चिन्तन की दृष्टि से उतना ही पिछड़ा होगा।’ परिवर्तनशील इस संसार में मान्यताओं एवं तथ्यों के बदलते देरी नहीं लगती। अतएव मन और मस्तिष्क को सदा खुला रखना चाहिए ताकि यथार्थता से वंचित न रहना पड़ जाए अर्थात खुले मन से हर औचित्य को बिना किसी ननुनच के स्वीकार करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। तथ्यों की ओर से आंखें बन्द रखने पर कितनी ही जीवनोपयोगी बातों से वंचित रह जाना पड़ता है। किसी विषय पर एकांगी चिन्तन भी सही निष्कषरे पर नहीं पहुंचने देता।
उस चिन्तन में मनुष्य की पूर्व मान्यताओं का भी योगदान होता है। सही विचारणा के लिए यह भी आवश्यक है कि अपनी पूर्व मान्यताओं, आग्रहों तथा धारणाओं का भी गम्भीरता से पक्षपात रहित होकर विश्लेषण किया जाए। पक्ष और विपक्ष दोनों पर ही सोचा जाए। किसी विषय पर एक तरह से सोचने की अपेक्षा विभिन्न पक्षों को ध्यान में रखकर चिन्तन किया जाए। स्वस्थ और यथार्थ चिन्तन तभी बन पड़ता है। एकांगी मान्यताओं एवं पूर्वाग्रहों को तोड़ना सम्भव हो सके तो सर्वागीण प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। हालांकि इस प्रकार का तथ्यपरक विश्लेषण, जिसमें पूर्वाग्रह या किसी दुराग्रह के लिए कोई स्थान न हो, कठिन तो है, लेकिन मुश्किल नहीं है।
Tweet![]() |