जब PM मोदी को भारत रत्न लता मंगेशकर ने खत के साथ भेजी थी ये अनमोल 'धरोहर'

Last Updated 28 Sep 2024 11:37:38 AM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रख्यात पार्श्व गायिका लता मंगेशकर को उनकी 95वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी और उनके साथ अपने ‘‘खास जुड़ाव’’ को याद किया।


भारत रत्न लता मंगेशकर प्रधानमंत्री के विजन से बहुत प्रभावित थीं। कई मौकों पर लता दीदी पीएम मोदी के साथ भी दिखी थीं। देश की इन दो महान शख्सियतों के बीच सम्मान और लगाव का गहरा रिश्ता था। इसकी बानगी है वो खत जो एक्स हैंडल 'मोदी आर्काइव' ने उनकी जयंती 28 सितंबर पर साझा किया है।

इस पोस्ट में लिखा गया है कि भारत रत्न लता मंगेशकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हमेशा से ही गहरा स्नेह और आपसी सम्मान का रिश्ता रहा है। उनके इस प्यारे रिश्ते का एक खूबसूरत उदाहरण यहां दिया गया है। इसके साथ ही लता मंगेशकर का हस्त लिखित खत चस्पा किया गया है। हिंदी में लिखी चिट्ठी है। इसके साथ एक खास सीडी का भी जिक्र है!

लिखा है-आदरणीय श्री, नरेन्द्र मोदीजी सस्नेह नमस्कार । आशीर्वाद के रूप में आप हमेशा मेरे साथ रहते हैं। इसके लिए धन्यवाद। मुझे मेरी बहुत पुरानी सीडी मिली जिसमें देश भक्ति के गीत हैं। आपकी सेवा में भेज रही हूं। आशा है आपको पसंद आएगी। आपकी नम्र, लता मंगेशकर (उनके हस्ताक्षर हैं।)

प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर के भाई और संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर द्वारा ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में लिखा एक लेख भी साझा किया जिसमें मोदी और महान गायिका के बीच के संबधों का जिक्र है।

पीएम नरेंद्र मोदी को लता मंगेशकर अपना भाई मानती थीं। 6 फरवरी 2022 में उनकी मृत्यु के बाद नरेंद्र मोदी ने नमो ऐप पर एक ब्लॉग के जरिए लता मंगेशकर के साथ अपनी यादें साझा की थीं। कहा था कि उन्होंने अपने गीत से लाखों लोगों के दिलों पर राज किया है। उनका जाना संगीत के एक युग की समाप्ति है। लता दी मुझे भाई मानती थीं।

लता मंगेशकर प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर कभी भी शुभकामनाएं देना भूलती नहीं थीं। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी को हर वर्ष रक्षा बंधन पर राखी भी भेजती थीं। पीएम मोदी ने बताया था कि जब भी वो उनसे मिलते थे, तो अपने यहां गुजराती पकवान खिलाती थीं।

कई दशकों तक पार्श्व गायन के शीर्ष पर रहीं लता मंगेशकर को शास्त्रीय संगीत की बारीकियों में महारत हासिल थी।

मंगेशकर का जन्म इंदौर में 28 सितंबर 1929 को हुआ था। उन्होंने मुंबई में छह फरवरी 2022 को 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली थी।
 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment