असम में राहुल की यात्रा पर बवाल

Last Updated 24 Jan 2024 01:45:10 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को असम में रोक दी गई। राहुल शंकर देव मन्दिर जाना चाहते थे अैर राज्य सरकार ने सुरक्षा का कारण गिनाते हुए उन्हें मन्दिर जाने की अनुमति नहीं दी।


असम में राहुल की यात्रा पर बवाल

विरोधस्वरूप उनका काफिला बीच सड़क पर ही रुक गया और राहुल गांधी करीब ढाई घंटे सड़क पर ही बैठे रहे। कांग्रेस नेता ने कुछ महीने पहले भारत जोड़ो यात्रा की थी जिसमें वे कन्याकुमारी से कश्मीर तक कई राज्यों से होकर गुजरे थे। उस दौरान देश भर में उनकी यात्रा को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब वे पूर्व से पश्चिम भारत के बीच भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं, और उनकी यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी।

पूर्वोत्तर के राज्य असम में उनकी यात्रा को खासी तल्खी का सामना करना पड़ रहा है। कारण यह भी है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्व सर्मा कभी कांग्रेस से जुड़े थे और कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने का सपना पाले हुए थे। लेकिन कांग्रेस ने अपने पुराने नेता के सामने उनके दावे को ज्यादा महत्त्व नहीं दिया।

फलस्वरूप वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इससे भाजपा को इस पूर्वोत्तर राज्य में सरकार बनाने में न केवल मदद मिली, बल्कि पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने में सफल रही। राहुल अपनी यात्रा के असम में प्रवेश करने के बाद से ही मुख्यमंत्री हिमंत विस्व सर्मा और उनकी सरकार को निशाने पर लिए हुए हैं। और इस क्रम में असम में सत्तारूढ़ सरकार को देश की भ्रष्टतम सरकार भी करार दे चुके हैं।

जाहिर है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा को इस प्रकार की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सवाल हो सकता है कि क्या यह सब जानबूझकर किया जा रहा है, या यात्रा में शामिल नेता और कार्यकर्ता नियमों का पालन न करते हुए मनमर्जी बरतते हुए हंके चले जा रहे हैं और कानून व्यवस्था के लिए समस्या पैदा कर रहे हैं। बहरहाल, स्थिति जो हो लेकिन इतना तय है कि राहुल गांधी की यात्रा के दौरान जितनी मचमच मचेगी, उतना ही यात्रा को मकसद में कामयाबी के लिहाज से माइलेज मिलना तय है।

मीडिया का एक हिस्सा अभी तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर ठंडा रवैया अपनाए हुए था, और कोशिश यह है कि इस यात्रा को ज्यादा तवज्जो न दी जाए जिससे कि जनता का ध्यान खींचने में यह नाकाम रहे। लेकिन इस या उस कारण से इसे रोका गया तो निश्चित ही इसे खासी माइलेज मिलेगी।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment