दिल्ली विधानसभा में नव संवत्सर-2082 के स्वागत की तैयारी, आयोजन आज
नव संवत्सर-2082 के स्वागत की तैयारियों की शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की।
![]() दिल्ली विधानसभा में नव संवत्सर-2082 के स्वागत की तैयारी, आयोजन आज |
उन्होंने बताया कि नव संवत्सर का स्वागत कार्यक्रम भव्य होगा। इसकी तैयारियों की श्रंखला में विधानसभा परिसर को सजाया गया है। जगह-जगह बैलून लगाए गए हैं, जो नव संवत्सर के आगमन की जानकारी दे रहे हैं।
कला एवं संस्कृति विभाग के इस आयोजन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री, दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक समेत करीब 1500 अतिथियों को आमंत्रित किया है। गण्यमान्यों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नव संवत्सर के स्वागत के लिए आयोजित समारोह की सफलता लिए विधानसभा सचिवालय प्रतिबद्ध है। उन्होंने शनिवार को अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि आमंत्रित अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता हे।
बैठक में दिल्ली पुलिस, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर), एसीपी ट्रैफिक, दिल्ली सशस्त्र पुलिस के एसीपी और सीआरपीएफ के अधिकारी शामिल थे। दिल्ली विधानसभा परिसर के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत यातायात व्यवस्था की गई है।
विजेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों के लिए पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। कैट्स, अग्निशमन विभाग, उद्यान विभाग एवं अन्य प्रशासनिक इकाइयों के अधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
| Tweet![]() |