Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज रेखा गुप्ता के साथ दिल्ली कैबिनेट के 6 मंत्री भी लेंगे शपथ
Delhi CM Rekha Gupta: भाजपा की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुना गया। उनके साथ दिल्ली कैबिनेट के 6 मंत्री भी आज रामलीला मैदान में दोपहर 12.35 बजे शपथ लेंगे।
![]() भाजपा की विधायक रेखा गुप्ता |
शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। इनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी कमान संभाल चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.15 रामलीला मैदान में आयोजित होगा। उनके साथ 6 मंत्री- प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे।
6 मंत्रियों को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना आज दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी इसमें शामिल होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए एनएसडी कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान तैनात हैं। दिल्ली में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 15 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं।
बता दें, कि बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, " पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।"
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
गत 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली थी। उसने 70 में से 48 सीटें जीती जबकि आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई।
विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। उपराज्यपाल ने भावी मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। गुप्ता, दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी हैं।
उनका जन्म हरियाणा में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की पढाई की।
ऐसे सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना
विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। गुप्ता के नाम का प्रस्ताव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने रखा। विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद थे।
चुनाव के नतीजे के 11 दिन बाद की घोषणा
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित होने के 11 दिन बाद यह घोषणा की गई है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी और वह कल दोपहर 12 बजे शपथ लेंगी। उनके साथ छह विधायक भी ले सकते हैं।
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता वर्तमान में भाजपा की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। घोषणा के तुरंत बाद, गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के कल्याण, सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा व समर्पण के साथ काम करेंगी।
RSS से भी जुड़ी हैं रेखा
गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़ी रही हैं और महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं। गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं। गुप्ता (50) ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से ‘आप’ उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक मतों से हराया था।
| Tweet![]() |