Delhi New CM: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनीं आतिशी, पांच मंत्रियों के साथ ली CM पद की शपथ

Last Updated 21 Sep 2024 04:37:40 PM IST

आप नेता आतिशी ने आज राज्य के तीसरे महिला सीएम के रूप में शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना (V.K. Saxena) ने राज निवास में आतिशी और उनके मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाई।


आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने शनिवार को दिल्ली की आठवीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री हैं।

आतिशी ने उपराज्यपाल सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने हिंदी में शपथ ली। उपराज्यपाल ने उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्रियों सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इरमान हुसैन और मुकेश अहलावत को भी शपथ दिलाई।

 

केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी को विधायक दल का नेता चुना गया। इससे पहले कालकाजी सीट से विधायक आतिशी, दिल्ली सरकार में कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

आतिशी मंगलवार शाम को केजरीवाल के साथ राज निवास में उपराज्यपाल से मिलने गई थी, जहां उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया और उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद उपराज्यपाल ने शपथ ग्रहण की तारीख 21 सितंबर प्रस्तावित की।

आप नेता 26-27 सितंबर को बुलाए गए विशेष सत्र में 70 सदस्यीय विधानसभा में अपनी सरकार का बहुमत साबित करेंगी।

इससे पहले केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की अप्रत्याशित घोषणा की थी और कहा था कि यदि लोग उन्हें ‘ईमानदारी का प्रमाणपत्र’ देते हैं तो ही वह मुख्यमंत्री पद पर लौटेंगे।

शपथ ग्रहण से पहले आतिशी और उनके मंत्रिमंडल में हिस्सा बनने वाले नेताओं ने यहां आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भेंट कीं।

आतिशी, आप नेताओं गोपाल राय, कैलाश गहलोत शपथ ग्रहण से पूर्व यहां सिविल लाइंस में केजरीवाल के निवास पर पहुंचे थे।


 

समय लाइव डेस्क/एजेंसी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment