Arvind Kejriwal Birthday: CM अरविंद केजरीवाल के जन्मदिन पर 'AAP' नेताओं ने दी बधाई, मनीष सिसोदिया ने कहा- देश का लोकतंत्र जेल में कैद

Last Updated 16 Aug 2024 11:28:25 AM IST

आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आज (16 अगस्त) को जन्मदिन है। दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल आज 56 साल के हो गए।


इस मौके पर आप और पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया, दिल्ली की मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर पोस्ट कर सीएम केजरीवाल को शुभकामनाएं दी हैं।

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पार्टी प्रमुख ‘‘देश में तानाशाही के खिलाफ सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं।’’ केजरीवाल फिलहाल जेल में हैं और पार्टी उनके जन्मदिन पर कई कार्यक्रम आयोजित करेगी।

सिसोदिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘देश में जारी तानाशाही के खिलाफ सबसे कठिन लड़ाई लड़ने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री, मेरे परम प्रिय मित्र और राजनीतिक गुरु अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें गर्व है कि हम एक ऐसे देशभक्त और क्रांतिकारी नेता के सिपाही हैं जिसने तानाशाह के सामने घुटने टेकने के बजाय जेल जाना चुना। अरविंद केजरीवाल के रूप में आज देश का लोकतंत्र जेल में कैद है।’’



पूर्व उपमुख्यमंत्री शाम को अपनी पदयात्रा भी शुरू करेंगे।

‘आप’ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अरविंद केजरीवाल वह विचार है, जिसे जितना दबाया जाएगा वह उतना ही मजबूत होगा।’’

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने केजरीवाल को ‘‘आधुनिक भारत के क्रांतिवीर’’ बताया और उनके जेल से जल्द बाहर आने का भरोसा जताया।

आतिशी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज आधुनिक भारत के क्रांतिवीर अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन है, जिन्होंने अपने शासन मॉडल से दिल्ली की दशा-दिशा बदल दी। अपनी ईमानदारी की राजनीति से दिल्ली के लोगों को नयी उम्मीद दी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तानाशाही से लड़ते हुए लाखों लोगों के भविष्य को संवारने वाले अरविंद आज झूठे केस में जेल में बंद हैं लेकिन सच्चाई की जीत होगी, दिल्लीवालों के चहेते मुख्यमंत्री बाहर आएंगे।’’

अरविंद केजरीवाल ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। 

बता दें कि दिल्ली आबकारी नीति मामले में 21 मार्च 2024 को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें जून में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जेल से गिरफ्तार किया था।

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment