Jharkhand Polls: झारखंड में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- BJP सत्ता में आई तो हुसैनाबाद को जिला बनाया जाएगा...

Last Updated 23 Oct 2024 04:13:01 PM IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बुधवार को कहा कि अगर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है तो हुसैनाबाद प्रखंड को एक जिला बनाया जाएगा और इसका नामकरण भगवान राम या कृष्ण के नाम पर होगा।


भाजपा के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य से घुसपैठियों को बाहर निकालना पार्टी की प्राथमिकता होगी।

असम के मुख्यमंत्री पलामू जिले के जपला मैदान में हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार कमलेश सिंह के लिए एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो हुसैनाबाद को जिला बनाया जाना सुनिश्चित है। इसका नाम भगवान राम या कृष्ण के नाम पर रखा जाएगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण झारखंड की जनसांख्यिकी बदल रही है लेकिन सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) इस मुद्दे पर चुप है क्योंकि वे उसका वोट बैंक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘घुसपैठियों को बाहर निकालना भाजपा की प्राथमिकता है। हम झारखंड से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करेंगे।’’

झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
 

भाषा
मेदिनीनगर (झारखंड)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment