Cyclone Dana: चक्रवात 'दाना' को लेकर झारखंड में ऑरेंज अलर्ट, रेलवे ने रद्द की कई ट्रेनें

Last Updated 23 Oct 2024 03:07:45 PM IST

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान दाना को लेकर पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखंड सहित बिहार के भी कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात ‘दाना’ को लेकर झारखंड में मौसम विभाग(IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


राज्य के कोल्हान प्रमंडल सहित राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को तेज गर्जना के साथ बारिश की संभावना है। 25 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। झारखंड के आपदा प्रबंधन विभाग ने भी इसे लेकर सभी जिलों के उपायुक्तों को अलर्ट किया है। रेलवा ने भी कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं।

मौसम विभाग की ओर से बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, 24 अक्टूबर को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं, और हवाओं की गति 40-50 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो कि 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

25 अक्टूबर को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही, दक्षिण-पश्चिमी और केंद्रीय हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

भारतीय मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, यह चक्रवात 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह के बीच पुरी और सागर द्वीप के बीच ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार कर सकता है, जिसकी गति 100-110 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है और तेज हवाओं की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

चक्रवात को देखते हुए रेलवे ने ओडिशा और बंगाल से होते हुए झारखंड होकर गुजरने वाली या झारखंड के विभिन्न स्थानों तक चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। भुवनेश्वर और पुरी से रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे शहरों तक चलने वाली ज्यादातर बस सेवाएं भी बुधवार से लेकर शुक्रवार तक स्थगित कर दी गई हैं।

इन ट्रेनों को किया गया रद्द

रेलवे ने जिन ट्रेनों को रद्द किया है, उनमें 23 अक्टूबर को नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी (वाया मुरी, ट्रेन संख्या 22824) रद्द रहेगी। भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी (वाया मुरी 22823) 25 अक्टूबर को नहीं चलेगी।

इसी तरह रांची में हटिया से पुरी के बीच चलने वाली तपस्विनी एक्सप्रेस ( ट्रेन सं-18451), पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस (18452), भुवनेश्वर-धनबाद गरीब रथ (02832), धनबाद-भुवनेश्वर गरीब रथ (02831) 24 अक्टूबर को रद्द रहेगी।

इसी तरह पुरी- आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (वाया मुरी, 12875) 25 अक्टूबर को रद्द की गई है।

गुरुवार को ओडिशा तट से टकराएगा चक्रवात दाना

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना बना गहरा दबाव बुधवार सुबह चक्रवाती तूफान 'दाना' में तब्दील हो गया और एक दिन बाद (गुरुवार) इसके ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से टकराने की आशंका है।

भारतीय मौसम विभाग ने कहा, "पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी पर कल बना गहरा दबाव क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान दाना में बदल गया।"

चक्रवाती तूफान के और अधिक तीव्र होकर 24 अक्टूबर (रात) से 25 अक्टूबर की सुबह तक पुरी जिले और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर पहुंचने की आशंका है। इस दौरान 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और यह 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं।

इसको लेकर ओडिशा सरकार ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं, जिसमें प्रभावित जिलों में लगभग 3,000 चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर रहने वाले निवासियों को निकालने के साथ इन जिलों में ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और अग्निशमन सेवा कर्मियों की तैनाती शामिल है।

चक्रवाती तूफान दाना के आने के बाद बचाव और राहत उद्देश्यों के लिए 13 जिलों में 51 ओडीआरएएफ, 19 एनडीआरएफ और 178 अग्निशमन सेवा टीमों सहित 288 बचाव दल तैनात किए गए हैं। प्रभावित जिलों में संवेदनशील स्थानों से निकाले गए लोगों के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 6,000 चक्रवात आश्रय और राहत केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने राहत केंद्रों और चक्रवात आश्रयों में खाद्य सामग्री, आवश्यक दवाओं, पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की है। राज्य सरकार ने करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। सरकार ने 8,000 से अधिक गर्भवती महिलाओं की भी पहचान की है, जिन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

चक्रवात के बाद बिजली की त्वरित बहाली के लिए प्रभावित जिलों में करीब 700 इलेक्ट्रिकल गैंगमैन तैनाती के लिए तैयार हैं।

गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पहले दावा किया था कि राज्य सरकार का लक्ष्य चक्रवात में शून्य हताहत सुनिश्चित करना है।
 

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment