Lok Sabha Election 2024 results: हरियाणा में BJP और Congress ने जीतीं पांच-पांच लोकसभा सीटें

Last Updated 05 Jun 2024 11:02:12 AM IST

हरियाणा के चुनावी नतीजों ने भाजपा और इंडिया गठबंधन दोनों को आधी खुशी आधा गम दिया है। कांग्रेस-आप समर्थित इंडिया गठबंधन ने भाजपा के विजय रथ को आधे रास्ते पर ही रोकते हुए हिसाब बराबर कर दिया है।


भाजपा के सभी प्रत्याशियों को इंडिया गठबंधन..खासकर कांग्रेसी उम्मीदवारों ने कड़ी टक्कर देते हुए आखिरी राउंड तक छकाए रखा। खुद पूर्व सीएम मनोहर लाल को कांग्रेस प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा ने करनाल लोक सभा सीट आसानी से जीतने नहीं दी। मंगलवार शाम तक आए चुनावी नतीजों में भाजपा के खाते में पांच सीटें आई, जबकि कांग्रेस उम्मीदवारों ने भी पांच लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा जीते

रोहतक से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के अरविंद शर्मा को तीन लाख से अधिक वोटों से हराकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।

करनाल से नायब सिंह सैनी जीते

करनाल विधान सभा सीट पर उपचुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विजयश्री हासिल हुई है। लोकसभा के चुनावी नतीजों ने ये दर्शा दिया है कि तीन से चार महीनों के बाद होने वाले हरियाणा विधानसभा के चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए एक एक सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

मंगलवार को लोकसभा चुनावों के नतीजों को लेकर हर कोई बेसब्र दिखाई दिया। जिलों के निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में पुलिस के पुख्ता बंदोबस्त के बीच ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती शुरू हुई। हर राउंड में वोटों का अंतर भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों और उनके समर्थकों के दिलों की धड़कनें बढ़ाता रहा। दोपहर तक ये तय होने लगा कि किस सीट पर कौन उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को पटखनी देने को आतुर है।

आखिरी नतीजों तक अंबाला में कांग्रेस प्रत्याशी वरुण मुलाना ने भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को 45457 से अधिक वोटों के अंतर से हराते हुए 25 वर्ष पूर्व अपने पिता फूलचंद मुलाना को मिली हार का बदला ले लिया है। बता दें कि अंबाला-सुरक्षित से 2019 में भाजपा के रतनलाल कटारिया सांसद चुने गए थे और केंद्रीय राज्यमंत्री रहे, लेकिन बाद में उनका स्वर्गवास हो जाने के बाद इस मर्तबा चुनाव में कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को भाजपा द्वारा टिकट दिया गया था। अंबाला सीट से अन्य सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।

वहीं, कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल ने 30900 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। यहां से इंडिया गठबंधन के आप उम्मीदवार डा.सुशील गुप्ता और इनेलो के अभय सिंह चौटला मैदान में थे। वहीं, सिरसा से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा ने 267826 वोटों के अंतर से भाजपा के डा अशोक तंवर को हार का स्वाद चखाया है। सैलजा हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों में सबसे पहले विजयी होने वाली उम्मीदवार बनीं।

इसके बाद हिसार से कांग्रेस के ही जयप्रकाश ने भाजपा उम्मीदवार एवं हरियाणा के बिजली व जेल मंत्री रहे चौधरी रणजीत सिंह को 57081 मतों के अंतर से शिकस्त दी। करनाल से भाजपा उम्मीदवार रहे पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा को 213382 वोटों से हराते हुए लोकसभा की चौखट पार करने का मौका पाया। सोनीपत से कांग्रेस के सतपाल ब्रrाचारी ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं उम्मीदवार मोहन लाल बड़ोली को 20711 वोटों से हराया।

भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा के उम्मीदवार धर्मवीर सिंह ने अपनी सांसदी बचाते हुए 40689 वोटों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार राव दान को चुनाव में मात दी। गुरुग्राम से भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह की जीत के रास्ते में कांग्रेसी उम्मीवार एवं बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर खड़े हो गए और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बढ़त बनाए दिखे, लेकिन अंतिम नतीजों में राव इंद्रजीत सिंह 77594 वोटों के अंतर से विजयी घोषित हुए। इसी कड़ी में फरीदाबाद से भाजपा उम्मीवार कृष्ण पाल गुर्जर ने 172914 वोटों के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप को हराया। दिलचस्प बात ये रही कि हरियाणा के राजनीतिक परिवारों में खासी पहचान रखने वाले चौटाला परिवार का कोई भी सदस्य इस चुनाव में जीत का करिश्मा नहीं दिखला सका।

समय लाइव डेस्क
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment