नॉर्वे के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने की BJP अध्यक्ष J P Nadda से मुलाकात

Last Updated 27 Feb 2024 08:51:33 AM IST

नॉर्वे के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के राजनीतिक दलों के बीच संबंधों एवं जुड़ाव को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई।


नड्डा ने नॉर्वे के संसदीय प्रतिनिधिमंडल को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कामकाज के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने भाजपा के कामकाज, दृष्टिकोण और भारत की उन्नति में भाजपा के योगदान के बारे में जानकारी दी और साथ ही उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के चुनाव अभियान प्रक्रिया के बारे में भी बताया।

प्रतिनिधिमंडल में नॉर्वे के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद शामिल थे। सेंटर पार्टी के सांसद इस्लाग सेम जैकबसेन के नेतृत्व में नड्डा से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में नॉर्वे के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कंजर्वेटिव पार्टी की सांसद एर्ना सोलबर्ग, लेबर पार्टी से ट्रुल्स वासविक एवं स्वेरे मिरली, सोशलिस्ट लेफ्ट पार्टी से ग्रेटे वोल्ड और संसद सचिवालय से मार्ग्रेथ सैक्सेगॉर्ड और इंग्रिड होडनेबो शामिल रहे।

मुलाकात के दौरान भारत में नॉर्वे के राजदूत मे एलिन स्टेनर और भाजपा के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी मौजूद रहे।

'भाजपा को जानो' अभियान के अंतर्गत पार्टी के वैश्विक आउटरीच कार्यक्रम के तहत यह अहम मुलाकात हुई है।

इस अभियान के तहत भाजपा दुनिया भर के देशों में काम कर रहे महत्वपूर्ण और प्रभावी राजनीतिक दलों को भारत यात्रा पर आमंत्रित करती है और उनके साथ राजनीतिक दलों के कामकाज को लेकर विचार-विमर्श करती है और विचारों का आदान-प्रदान करती है। इस अभियान को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर शुरू किया था।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment