Hindi Diwas 2021: हिंदी दिवस के मौके पर पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Last Updated 14 Sep 2021 12:09:23 PM IST

संविधान सभा ने 14 सितंबर 1949 को हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया था और इसके बाद से हर वर्ष इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि वैश्विक मंच पर हिंदी लगातार मजबूत पहचान बना रही है।

प्रधानमंत्री ने मंगलवार को एक ट्वीट संदेश में कहा, आप सभी को हिन्दी दिवस की ढेरों बधाई। हिन्दी को एक सक्षम और समर्थ भाषा बनाने में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। यह आप सबके प्रयासों का ही परिणाम है कि वैश्विक मंच पर हिन्दी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

 

नायडू ने दी हिंदी दिवस की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने देशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भारतीय भाषाएं देश की एकता का सूत्र रही हैं। नायडू ने मंगलवार को यहां जारी संदेश में कहा कि सभी भारतीयों को भारतीय भाषा सीख कर भाषाई सौहार्द बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा, 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा स्वीकार किया था। हिंदी दिवस पर संविधान सभा के आदर्शों और सौहार्द को याद करें जिसने संविधान में हिंदी तथा भारतीय भाषाओं को सम्मान दिया। हमारी भाषाएं देश की सांस्कृतिक एकता का सूत्र रही हैं। भारतीय भाषाएं सीखें, भाषाई सौहार्द बढ़ाएं।


मूल कार्यों में हिंदी का उपयोग करने का संकल्प लें देशवासी: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों से मूल कार्यों में अपनी मातृभाषा के साथ-साथ हिंदी का प्रयोग करने का संकल्प लेने का आहवान किया है।

 

शाह ने हिंदी दिवस के मौके पर मंगलवार को देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक ट्वीट संदेश में कहा, “हिंदी दिवस के अवसर पर मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूँ कि मूल कार्यों में अपनी मातृभाषा के साथ राजभाषा हिंदी का उत्तरोत्तर प्रयोग करने का संकल्प लें। मातृभाषा व राजभाषा के समन्वय में ही भारत की प्रगति समाहित है। आप सभी को ‘हिंदी दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिंदी दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "हिंदी दिवस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हिंदी भारत ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे अधिक लोकप्रिय भाषाओं में से एक है। हिंदी एक भाषा के रूप में भारतवासियों के बीच सेतु का भी काम करती है। इसका प्रचार-प्रसार करना और अधिकाधिक उपयोग करना सभी हिंदीसेवियों का दायित्व बनता है।"


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंदी दिवस पर लोगों को बधाई देते हुए कहा, "विविधता से परिपूर्ण देश में राष्ट्रीय एकता की प्रतीक हिंदी भाषा हमारी पहचान एवं संस्कृति का अभिन्न अंग है। आइए, राष्ट्रभाषा व विश्वभाषा के रूप में स्थापित करने हेतु हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प धारण करें।"

 

 

वार्ता/एजेंसी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment