हिमाचल प्रदेश: मंडी के BJP सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध मौत, पार्टी ने रद्द किए 2 कार्यक्रम

Last Updated 17 Mar 2021 10:15:22 AM IST

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी के दो बार के सांसद राम स्वरूप शर्मा रहस्यमय परिस्थितियों में बुधवार को अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए। वो 62 साल के थे।


रामस्वरूप शर्मा

पुलिस ने ये जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस के जनसम्पर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि शर्मा का शव उनके घर पर, छत के पंखे से लटका मिला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। मौके से कोई ‘सुसाइड नोट’ बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पौने आठ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में उनके एक सहयोगी ने फोन किया था। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी सांसद के बाहर ना आने पर उसने पुलिस को फोन किया था।  इसके बाद, पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और बलपूर्वक दरवाजा खोला गया, तो शर्मा का शव छत के पंखे से लटका मिला।

शर्मा का जन्म 10 जून 1958 में मंडी जिले के जल्पेहर गांव में हुआ था।

शर्मा 2014 और 2019 में मंडी संसदीय क्षेत्र से क्रमश: 16वीं और 17वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व दूरसंचार मंत्री सुखराम के पोते 32 वर्षीय कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को हराया था।

शर्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के करीबी माने जाते थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से लंबे समय से जुड़े हुए थे। वह ट्विटर पर काफी सक्रिय थे। आखिरी बार उन्होंने 14 मार्च को ट्वीट किया था।

2014 के लोकसभा चुनाव में, शर्मा ने कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह - जो छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं, को बड़े अंतर से हराया था।

तीन दिन पहले उन्होंने कोविड-19 के टीकाकरण की पहली खुराक ली थी।

मंडी देश के सबसे बड़े संसदीय क्षेत्रों में से एक है, जिसमें किन्नौर और लाहौल-स्पीति की आदिवासी बहुल विधानसभा सीटों के अलावा कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्र शामिल हैं।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  शाह ने कहा, ‘‘मैं हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद श्री राम स्वरूप शर्मा के अचानक निधन से बहुत दुखी है। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद श्री राम स्वरूप शर्मा के निधन से बहुत दुखी हूं। शोक व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। मेरी प्रार्थना है कि उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अनुयायियों को इस दुख को सहने की ताकत दे।’’

इस बीच, शिवसेना सांसद विनायक राउत ने शर्मा की मौत की जांच की मांग करते हुये लोकसभा में स्थगन प्रस्तान नोटिस पेश किया।

शर्मा दो बार सांसद निर्वाचित हुये। वह मंडी संसदीय क्षेा से 2014 और 2019 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुये। भाजपा ने शर्मा की मौत की खबर सामने आने के बाद आज सुबह होने वाली अपनी संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी है।

 

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment